UPPSC : आरओ-एआरओ परीक्षा पेपर लीक मामले को लेकर आयोग के गेट पर हंगामा, परीक्षा निरस्त करने पर अड़े
यूपीपीएससी आरओ-एआरओ परीक्षा को निरस्त कर दुबारा पेपर कराने की मांग को लेकर बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों बृहस्पतिवार को आयोग का घेराव किया। मौके पर बड़ी संख्या में फोर्स भी पहुंच गई है।
विस्तार
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की आरओ-एआरओ परीक्षा में पेपर लीक मामले को लेकर अभ्यर्थियों ने बृहस्पतिवार को आयोग के गेट पर प्रदर्शन किया। अभ्यर्थियों की मांग है यह परीक्षा निरस्त कर दोबारा कराई जानी चाहिए। अभ्यर्थियों का तर्क है कि 2016 में भी आरओ-एआरओ की परीक्षा का पेपर लीक हुआ था तो आयोग ने दोबारा परीक्षा कराई थी।
बड़ी संख्या में अभ्यर्थियों ने आयोग कार्यालय का घेराव किया। अधिकारियों से तत्काल परीक्षा को निरस्त करने की मांग की। भीड़ को देखते हुए मौके पर कई थानों की पुलिस पहुंच गई। अधिकारी अभ्यर्थियों से बातचीत कर रहे हैं।
आरओ-एआरओ पेपर लीक मामले की कमेटी ने शुरू की जांच
उधर, समीक्षा अधिकारी-सहायक समीक्षा अधिकारी (आरओ-एआरओ) भर्ती परीक्षा के पेपर लीक मामले की तीन सदस्यीय समिति ने जांच शुरू कर दी है। हालांकि इसे पूरी तरह से गोपनीय रखा जा रहा है और अफसर इस मामले में भी कुछ नहीं बोल रहे।
उत्तर प्रदेश लोक सेवा आयोग की ओर से बीते रविवार को आयोजित प्रारंभिक परीक्षा-2023 का पेपर सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था। इसके अलावा गाजीपुर के एक केंद्र पर कक्ष में जाने से पहले ही पेपर खुल गया था। अभ्यर्थियों का आरोप है कि परीक्षा शुरू होने से पहले ही पेपर आउट हो गया है।
आरोपों की गंभीरता को देखते हुए आयोग की ओर से एसटीएफ से जांच की संस्तुति की गई है, जो इसके सभी पहलुओं की जांच करेगी। इसके अलावा आयोग में लिए गए निर्णय के क्रम में तीन सदस्यीय आंतरिक जांच कमेटी भी गठित कर दी गई है। कमेटी ने जांच भी शुरू कर दी है।