आरओ-एआरओ पेपर लीक प्रकरण : पूछताछ में गुर्गा बोला- राजीव नयन ही है अस्पताल का मालिक,
आरोग्यम हॉस्पिटल औद्योगिक क्षेत्र के महुवारी गांव में स्थित है। प्रयागराज-मिर्जापुर के किनारे पर स्थित इस अस्पताल के वर्तमान मालिक डॉ.प्रभाकर सिंह हैं। 15 मार्च काे आरओ/एआरओ पेपर लीक प्रकरण में राजीव नयन का नाम आने के बाद ही यह चर्चा तेज हो गई थी कि अस्पताल में उसकी पार्टनरशिप है।
विस्तार
आरओ/एआरओ पेपर लीक प्रकरण में गिरफ्तार राजीव नारायण मिश्र के गुर्गे अमित ने पूछताछ में कई अहम खुलासे किए। उसने यह भी बताया कि औद्योगिक क्षेत्र स्थित जिस आरोग्यम हॉस्पिटल में अभ्यर्थियों को उत्तर रटवाए गए, वह राजीव नयन का ही है। एसटीएफ अफसर अब इस बिंदु पर भी जांच में जुटे हैं। आरोग्यम हॉस्पिटल औद्योगिक क्षेत्र के महुवारी गांव में स्थित है। प्रयागराज-मिर्जापुर के किनारे पर स्थित इस अस्पताल के वर्तमान मालिक डॉ.प्रभाकर सिंह हैं।
15 मार्च काे आरओ/एआरओ पेपर लीक प्रकरण में राजीव नयन का नाम आने के बाद ही यह चर्चा तेज हो गई थी कि अस्पताल में उसकी पार्टनरशिप है। हालांकि डॉ. प्रभाकर ने इससे साफ इन्कार किया था। कहा था कि यह अस्पताल उनका है। पूर्व में अस्पताल में आने वाले डॉ.नीरज मिश्र के साथ राजीव नयन कभी-कभी आया करता था। हालांकि, अमित के पकड़े जाने के बाद दिए गए बयान से उनका दावा भी सवालों के घेरे में है। फिलहाल, एसटीएफ अफसरों का कहना है कि इस बिंदु पर भी जांच की जा रही है।
10 फरवरी की शाम मिली है लोकेशन
सूत्रों का कहना है कि आरओ/एआरओ परीक्षा से ठीक एक दिन पहले अमित आरोग्यम अस्पताल के पास पहुंचा था। 10 फरवरी की शाम से देर रात तक उसकी लोकेशन उसी क्षेत्र में मिली है। सुबह वह लखनऊ के लिए निकल गया।
अमर उजाला ने पहले ही किया था खुलासा
अमर उजाला ने दो दिन पहले ही इस बात का खुलासा किया था कि आरओ/एआरओ परीक्षा पेपर लीक प्रकरण का मास्टरमाइंड भी मेजा निवासी राजीव नयन ही है। इस खबर में बताया गया था कि एसटीएफ की अब तक कि जांच में पेपर लीक के पूरे प्रकरण में अंतिम नाम राजीव नयन के रूप में ही सामने आया है। इससे पहले सिपाही भर्ती पेपर लीक प्रकरण के खुलासे के बाद 16 मार्च के अंक में खबर प्रकाशित कर यह भी बताया था कि औद्योगिक क्षेत्र स्थित आरोग्यम हॉस्पिटल से भी उसका नाम जुड़ा रहा है।
कौशाम्बी पुलिस को सौंपा गया
गिरफ्तारी के बाद एसटीएफ ने अमित को कौशाम्बी के मंझनपुर थाने की पुलिस के सुपुर्द कर दिया। कौशाम्बी में इसी साल 15 फरवरी को भर्ती परीक्षा पेपर लीक प्रकरण गिरोह के तीन सदस्यों को गिरफ्तार किया गया था। उनसे पूछताछ में बर्खास्त सिपाही अरुण सिंह व सौरभ का नाम आया और फिर मास्टरमांड राजीव नयन का नाम खुला। अमित को भी इसी मुकदमे में गिरफ्तार किया गया है। प्रभारी निरीक्षक मंझनपुर संताेष शर्मा ने बताया कि आरोपी को कोर्ट की अनुमति से जेल भेज दिया गया है।