Kaushambi : बेकाबू वाहन की टक्कर से सेवानिवृत्त तहसीलदार की मौत
प्रयागराज के बड़ा बघाढ़ा निवासी संतोष कुमार सोनकर (62) तहसीलदार पद से रिटायर्ड हुए थे। वह जिले की मंझनपुर, सिराथू व चायल तहसील में भी तैनात रह चुके थे। जौनपुर शहर के मछली शहर तहसील से सेवानिवृत्त होने के बाद वह प्रयागराज स्थित अपने घर में रहते थे।
विस्तार
कोखराज कोतवाली के सकाढ़ा के समीप शनिवार दोपहर प्रयागराज से अपनी ननिहाल आ रहे स्कूटी सवार सेवानिवृत्त तहसीलदार को तेज रफ्तार वाहन ने कुचल दिया। कानपुर-प्रयागराज राजमार्ग में हुए हादसे को देख राहगीरों ने पुलिस को खबर दी। मौके पर पहुंची पुलिस सेवानिवृत्त तहसीलदार को इलाज के लिए पीएचसी मूरतगंज ले गए जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना की जानकारी से पीड़ित परिवार में कोहराम है। परिवार वालों के आने के बाद पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर लाश पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। टक्कर मारने वाले वाहन का पता नहीं चल सका है।
प्रयागराज के बड़ा बघाढ़ा निवासी संतोष कुमार सोनकर (62) तहसीलदार पद से रिटायर्ड हुए थे। वह जिले की मंझनपुर, सिराथू व चायल तहसील में भी तैनात रह चुके थे। जौनपुर शहर के मछली शहर तहसील से सेवानिवृत्त होने के बाद वह प्रयागराज स्थित अपने घर में रहते थे। कोखराज कोतवाली के शहजादपुर में संतोष सोनकर को ननिहाल की जायदात मिली थी। यहां करीब 25 बीघे में फैली आग, आंवला व फालसे की बाग के वह मालिक थे।
रिटायर्ड होने के बाद वह अक्सर गांव आकर अपने खेत व बाग की देखरेख करने आते थे। शनिवार सुबह भी वह स्कूटी से शहजादपुर आ रहे थे। करीब 11 बजे जैसे ही वह सकाढ़ा के समीप पहुंचे तभी पीछे से आए किसी तेज रफ्तार वाहन ने उन्हें टक्कर मार दिया। घटना में संतोष सोनकर को गंभीर चोट आई। स्थानीय लोगों से सूचना पाकर मौके पर पहुंची पुलिस एंबुलेंस से संतोष सोनकर को इलाज के लिए मूरतगंज सीएचसी ले गई, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
चित्रकूट के राजापुर में संतोष के भाई है सीओ
मूरतगंज। संतोष सोनकर के भाई शिव प्रकाश चित्रकूट जिले के राजापुर में सीओ हैं। घटना की जानकारी के बाद वह तत्काल मौके पर पहुंचे। इसके अलावा घर से संतोष का बेटा पिंटू व बेटी निधि भी मां के साथ रोती बिलखती मौके पर पहुंची। घटना को लेकर मौके पर भारी भ़ीड़ जुटी रही। पिंटू सिविल सर्विसेज की तैयारी कर रहा है वहीं निधी पोस्ट ग्रेजुएट कर रहा है। घटना से पूरे परिवार में मातम है।
कुछ दिन पहले शहजादपुर के कुछ लोगों से हुआ था विवाद
मूरतगंज। सड़क दुर्घटना में मौत का शिकार हुए संतोष सोनकर का ननिहाल की जमीन पर किए गए कब्जे को लेकर कुछ लोगों से विवाद भी था। चर्चा रही कि कुछ दिन पहले संतोष ने प्रशासन की मदद से अवैध कब्जा अपनी जमीन से हटवाया था। इसे लेकर वह लोग संतोष से रंजिश मान रहे थे।