Prayagraj Crime : सेवानिवृत्त महिला सेक्शन अफसर की घर में सिर कूंचकर हत्या, हत्यारों का नहीं लगा सुराग
बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे घर में काम करने वाली नाैकरानी आई तो मेन गेट खुला हुआ था। अंदर जाने पर देखा कि कमरे का सारा सामान बिखरा है। लेकिन, कुसुमलता कहीं नहीं दिखीं। आवाज लगाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह छत पर गई। वहां देखा कि कुसुमलता छत के एक किनारे बेसुध पड़ी हैं।
विस्तार
धूमनगंज थाना क्षेत्र के अंतर्गत आनंदपुरम में रहने वाली कुसुमलता श्रीवास्तव (65) की घर में सिर कूंचकर हत्या कर दी गई। सिर पर गंभीर चोट के निशान पाए गए। उनका खून से लथपथ शव घर की छत पर मिला। वह यूपी माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में सेक्शन ऑफिसर के पद से सेवानिवृत्त थीं। कातिलों ने पुलिस को गुमराह करने के लिए घर का सामान बिखेर दिया और ऑलमारी खुली छोड़ दी। बहरहाल, पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भिजवा दिया है।
देर-रात तक पुलिस जांच में जुटी रही, लेकिन हत्या के कारणों का खुलासा नहीं हो सका।बृहस्पतिवार शाम करीब पांच बजे घर में काम करने वाली नाैकरानी आई तो मेन गेट खुला हुआ था। अंदर जाने पर देखा कि कमरे का सारा सामान बिखरा है। लेकिन, कुसुमलता कहीं नहीं दिखीं। आवाज लगाने पर जब कोई जवाब नहीं मिला तो वह छत पर गई। वहां देखा कि कुसुमलता छत के एक किनारे बेसुध पड़ी हैं। उनके सिर पर गहरे जख्म के निशान थे। नाैकरानी के शोर मचाने के बाद पड़ोसी भी पहुंच गए। इसके बाद मामले की सूचना सिविल लाइंस गए छोटे बेटे साैरभ और पुलिस को दी गई। फॉरेंसिक टीम ने भी माैके पर पहुंच सुबूत जुटाए।
घर में थीं अकेली
पुलिस की जांच में सामने आया कि शिक्षा विभाग में अफसर रहे कुसुमलता के पति सतीश की कई साल पहले माैत हो चुकी है। आश्रित कोटे के तहत पति के स्थान पर उन्हें माध्यमिक शिक्षा बोर्ड में सेक्शन ऑफिसर के पद पर नाैकरी मिली थी। पांच साल पहले वह सेवानिवृत्त हुई थीं। कुसुमलता के दो बेटे हैं। बड़ा पुत्र प्रशांत नाेएडा में रहकर प्राइवेट नाैकरी करता है। जबकि, छोटा साैरभ फोटोग्राफी करता है। घर में उनकी सेवा के लिए नाैकरानी है। घटना के वक्त कुसुमलता घर पर अकेली थीं। उनका बेटा सिविल लाइंस में किसी काम से गया हुआ था। इसी दाैरान वारदात को अंजाम दे दिया गया।
विरोध करने पर हत्या का शक
घर का सामान बिखरा होने से पुलिस को शक है कि कुसुमलता की हत्या की कहानी घुमाने की कोशिश की गई। पकड़े जाने के डर से कतिलों ने घर का सामान बिखरा दिया। पुलिस को शक तब हुआ जब आलमारी का लाॅक तोड़ा नहीं, बल्कि खोला गया था। बहरहाल, पुलिस हर पहलुओं पर जांच में जुटी है। वहीं, देर-रात पुलिस कुसुमलता के बेटे साैरभ का बयान दर्ज कर सामानों की जांच में जुटी रही। धूमनगंज थाना प्रभारी वैभव सिंह ने बताया कि घटनास्थल और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों को खंगाला जा रहा है। जल्द मामले का खुलासा कर दिया जाएगा।
नहीं सुनी गई चीखने-चिल्लाने की आवाज
कत्ल के बाद इलाके में सन्नाटा पसर गया। किसी को यकीन नहीं हो रहा था कि उनके मोहल्ले में इतनी बड़ी वारदात होे गई है। पड़ोसियों ने बताया कि इतनी भीषण गर्मी के कारण ज्यादातर लोग अपने घरों में ही दुबके रहते हैं। हर किसी के घर में कूलर पंखा चल रहा था। शायद यही कारण है कि उनको न तो कोई भनक लगी और ना ही चीखने-चिल्लाने की आवाज नहीं सुनाई दी। अगर किसी तरह की आवाज आई होती तो वह जरूर दाैड़ कर जाते।