प्रयागराज : जंक्शन पर फिर दौड़ेगा स्वाद का पहिया, हल्दीराम संभालेगा रेल कोच रेस्टोरेंट; दिवाली से पहले खुलेगा
Prayagraj Juction : प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट नए कलेवर में फिर खुलेगा। हल्दीराम को आठ साल का अनुबंध मिला है। दिवाली से पहले ऑनलाइन फूड ऑर्डर और होम डिलीवरी की सुविधा शुरू होने की संभावना है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
प्रयागराज जंक्शन आने वाले यात्रियों के लिए अच्छी खबर है। सिविल लाइंस साइड स्थित रेल कोच रेस्टोरेंट एक बार फिर नए अंदाज में शुरू होने जा रहा है। महाकुंभ मेले के बाद से बंद पड़े इस अनूठे रेस्टोरेंट की जिम्मेदारी अब हल्दीराम को दी गई है। इसे दिवाली से पहले शुरू करने की तैयारी चल रही है। उत्तर मध्य रेलवे के प्रयागराज मंडल की ओर से रेल कोच रेस्टोरेंट के संचालन के लिए ई-ऑक्शन कराया गया। इसके तहत आठ साल का अनुबंध करीब एक करोड़ 25 लाख रुपये में तय हुआ है। नए संचालन के साथ रेस्टोरेंट को यात्रियों की सुविधा और आधुनिक खानपान की जरूरतों के अनुरूप तैयार किया जाएगा।
रेल कोच रेस्टोरेंट शुरू होने के बाद यात्रियों को स्टेशन परिसर में ही आकर्षक और आधुनिक माहौल में खानपान की सुविधा मिलेगी। यहां विभिन्न प्रकार के व्यंजन और उत्पाद एक ही छत के नीचे उपलब्ध कराने की तैयारी है। इससे ट्रेन पकड़ने या स्टेशन पर आने वाले यात्रियों को खानपान के लिए बाहर जाने की जरूरत कम होगी।
ऑनलाइन फूड ऑर्डर और होम डिलीवरी भी
इस बार रेल कोच रेस्टोरेंट की खासियत ऑनलाइन फूड ऑर्डर और होम डिलीवरी की सुविधा होगी। यानी सिर्फ रेलवे यात्री ही नहीं, बल्कि शहर के आम लोग भी अपनी सुविधा के अनुसार यहां से भोजन ऑर्डर कर सकेंगे। इससे स्टेशन परिसर स्थित यह रेस्टोरेंट शहरवासियों के लिए भी खानपान का नया विकल्प बनेगा।
दिवाली से पहले मिल सकता है नई सुविधा का लाभ
प्रयागराज मंडल के सीनियर डीसीएम हरिमोहन के अनुसार नई व्यवस्था का लाभ यात्रियों और शहरवासियों को दिवाली से पहले मिलने की संभावना है। रेस्टोरेंट के दोबारा शुरू होने से प्रयागराज जंक्शन के सिविल लाइंस साइड पर यात्रियों को खानपान की आधुनिक सुविधा मिलने के साथ स्टेशन परिसर की रौनक भी बढ़ेगी।
इस पहल से न केवल रेलवे के गैर-किराया राजस्व में इजाफा होगा, बल्कि बेकार पड़ी परिसंपत्तियों का नवाचारपूर्ण व्यावसायिक उपयोग भी सुनिश्चित हो सकेगा। इससे पहले सूबेदारगंज रेलवे स्टेशन पर भी एक अन्य रेल कोच रेस्टोरेंट संचालित किया जा रहा है। -डाॅ. शिवम शर्मा, सीपीआरओ एनसीआर