Prayagraj : झूंसी के सोहम आश्रम के पास उफनाई गंगा में डूबकर दो किशोरों की मौत, परिवार में मचा कोहराम
हवेलिया वार्ड के सोहम आश्रम के पास रविवार दोपहर करीब 12ः30 बजे गंगा में नहाने के दौरान डूबने से दो किशोरों रुद्र प्रताप सिंह (16) और अर्पण विश्वास (16) की मौत हो गई। जल पुलिस ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला।
विस्तार
हवेलिया वार्ड के सोहम आश्रम के पास रविवार दोपहर करीब 12ः30 बजे गंगा में नहाने के दौरान डूबने से दो किशोरों रुद्र प्रताप सिंह (16) और अर्पण विश्वास (16) की मौत हो गई। जल पुलिस ने आधे घंटे की मशक्कत के बाद दोनों शवों को बाहर निकाला। सूचना पर झूंसी पुलिस और परिजन पहुंचे। दोनों किशोरों के पिता बेटों के शवों के पास बिलखते रहे। पोस्टमार्टम किए बगैर पुलिस ने परिजनों को शव सौंप दिए।
आवास विकास कॉलोनी योजना तीन निवासी रुद्र प्रताप सिंह पुत्र रविकांत सिंह, नई झूंसी निवासी अर्पण विश्वास पुत्र अरुण विश्वास व सुमित यादव पुत्र मनोज कुमार यादव सेंट्रल एकेडमी में हाईस्कूल के छात्र थे। तीनों आवास विकास कॉलोनी योजना तीन स्थित एक कोचिंग सेंटर में पढ़ते थे। रविवार की सुबह तीनों कोचिंग गए थे। कोचिंग से छूटने के बाद दोपहर करीब 12ः30 बजे तीनों साइकिल से हवेलिया वार्ड के सोहम आश्रम के पास पहुंचे। इसके बाद रुद्र और अर्पण गंगा में नहाने लगे। वह धीरे-धीरे गहरे पानी की ओर बढ़ने लगे तो सुमित ने उन्हें जाने से मना किया लेकिन वह नहीं माने।
कुछ ही देर में दोनों गहरे पानी में समा गए। यह देख सुमित ने शोर मचाना शुरू किया लेकिन कोई मदद नहीं मिली। सुमित ने रुद्र के घरवालों को फोन कर घटना की जानकारी दी। इसी बीच किसी ने जल पुलिस को किशोरों के डूबने की जानकारी तो जवान मौके पर पहुंचे। इसके बाद स्थानीय पुलिस और परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। जल पुलिस ने गोताखोरों के साथ आधे घंटे बाद दोनों शवों को नदी से बाहर निकाला।
गोद में शव लेकर बिलखते रहे दोनों के पितारुद्र और अर्पण के डूबने की जानकारी मिलते ही दोनों के पिता घटनास्थल पर पहुंचे। शव को देख दोनों के पिता बिलख पड़े। बेटों के शवों को गोद में रख वह रोते रहे।
सोहम आश्रम के पास गंगा में दो किशोरों की डूबने की जानकारी मिली थी। घटनास्थल पर जाकर पुलिस को नदी के किनारे बैरिकेडिंग करने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही लोगों को गंगा के पानी में स्नान करने के दौरान सावधानी बरतने और बच्चों के नदी के आसपास जाने पर निगरानी रखने की सलाह दी गई है। - अरुण पाराशर, एसीपी
घर का चिराग था अर्पण, रुद्र प्रताप की मौत से परिजन सदमे में
हवेलिया इलाके में रविवार की दोपहर गंगा में डूबने वाला किशोर अर्पण विश्वास घर का चिराग था। नई झूंसी निवासी अर्पण विश्वास के पिता अरुण किसी तरह परिवार का भर पोषण कर रहे थे। इकलौते बेटे की मौत से मां सुप्रिया विश्वास बेसुध पड़ी रहीं। आवास विकास कॉलोनी योजना तीन के सेक्टर 10 निवासी रुद्र प्रताप के पिता रविकांत सिंह का देव नगर कॉलोनी में जनरल स्टोर है। दो बेटों में रुद्र प्रताप बड़ा था। भाई की मौत से छोटा भाई शौर्य प्रताप और मां हेमलता बेसुध हैं।
सुमित बोला- आंखों के सामने डूबे दोस्त, मैं कुछ न कर सका
हवेलिया वार्ड में सोहम आश्रम के किनारे गंगा में दो दोस्तों के डूबने का वाकया बताते-बताते तीसरे दोस्त सुमित की आंखें भर आईं। सुमित यही कहता रहा कि वह अपने दोस्तों को डूबता देखता रहा, उनकी मदद न कर सका।
सुमित ने बताया कि रुद्र प्रताप और अर्पण के साथ वह सोहम आश्रम स्थित गंगा नदी की ओर घूमने आए थे। रुद्र और अर्पण आते ही नदी में उतर गए। वह गहरे पानी में जाने लगे तो सुमित ने मना किया कि मत जाओ लेकिन दोनों नहीं माने और गहरे पानी में चले गए। सुमित अपनी आंखों के सामने रुद्र और अर्पण को डूबता देखता रहा। मदद के लिए आवाज लगाई लेकिन उस वक्त वहां कोई मौजूद नहीं था।
कुछ ही पल में दोनों दोस्त उसकी आंखों से ओझल हो गए। जिन दोस्तों के साथ सुमित स्कूल और कोचिंग जाता था। वह दुनिया से विदा हो चुके थे। हादसे के बाद उसकी चीख-पुकार सुनकर आसपास मौजूद लोग मौके पर पहुंचे और जल पुलिस के साथ दोनों की तलाश शुरू की।