Prayagraj : जहरीली शराब से मरने वालों की संख्या हुई सात, जिला आबकारी अधिकारी समेत तीन निलंबित
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
उत्तर प्रदेश के फूलपुर के अमिलिया, मैलहन समेत अन्य गांवों में जहरीली शराब का कहर शनिवार को भी जारी रहा। यहां शराब पीने वाले दो अन्य लोगों की भी मौत हो गई, जिसके बाद मृतकों की कुल संख्या सात हो गई। यही नहीं शराब पीने वाले 15 अन्य भी अस्पताल भेजे गए। मामले में बड़ी कार्रवाई करते हुए शासन ने जिला आबकारी अधिकारी समेत तीन को निलंबित कर दिया है।
अमिलिया गांव स्थित सरकारी ठेके से खरीदकर शराब पीने वाले महेंद्र कुमार वनवासी (40) निवासी अरवासी गांव की हालत शनिवार सुबह बिगड़ गई। परिजन उसे इलाज के लिए अस्पताल ले जा रहे थे, लेकिन रास्ते में ही उसकी मौत हो गई। उधर शराब का सेवन करने वाले अगरापट्टी गांव के महेंद्र पुत्र मुंशीलाल को हालत बिगडने पर परिजन देर रात ही उसे प्रतापगढ़ लेकर चले गए थे। जहां से हालत बेहद गंभीर देख उसे रेफर कर दिया गया। लेकिन कुछ ही देर बाद उसकी मौत हो गई।
पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अमिलिया, कंसार, मलिया का पूरा, मैलवन समेत आधा दर्जन से ज्यादा गांवों के 15 अन्य लोग भी शनिवार को अस्पताल भेजे गए। इन सभी के बारे में जानकारी मिली थी कि इन्होंने भी सरकारी ठेके से शराब खरीदकर पी थी। हालांकि पुलिस प्रशासन का दावा है कि इनमें से ज्यादातर की हालत सामान्य है।
- सरकारी ठेके से शराब पीने वाले लोगों का अस्पताल में इलाज चल रहा है। शराब के अन्य ठेकों की भी वृहद स्तर पर जांच कराई जा रही है। -आर. रमेश कुमार, कमिश्नर