रेलवे : प्रयागराज से मुंबई जाने वालों को मिलेगी राहत, रोज चल सकती है दुरंतो एक्सप्रेस
प्रयागराज से मुंबई और अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों को जल्द राहत मिल सकती है। दुरंतो एक्सप्रेस को सप्ताह में दो दिन के बजाय रोज चलाने और अहमदाबाद एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाकर सप्ताह में तीन दिन करने के प्रस्ताव पर रेलवे बोर्ड में मंथन शुरू हो गया है।
विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें
संगम नगरी से मुंबई और अहमदाबाद जाने वाले यात्रियों के लिए राहत भरी खबर है। प्रयागराज जंक्शन से लोकमान्य तिलक टर्मिनस (मुंबई) के बीच चलने वाली प्रीमियम ट्रेन दुरंतो एक्सप्रेस का संचालन अब सप्ताह में दो दिन के बजाय प्रतिदिन किया जा सकता है। वहीं प्रयागराज-अहमदाबाद साप्ताहिक एक्सप्रेस को भी सप्ताह में तीन दिन चलाए जाने का प्रस्ताव रखा गया है। हाल ही में वाराणसी में स्लीपर वंदे भारत एक्सप्रेस के उद्घाटन समारोह के दौरान उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने केंद्रीय रेल मंत्री के समक्ष दोनों ट्रेनों के फेरे बढ़ाने का मामला प्रमुखता से उठाया था।
मुद्दा उठने के बाद रेल महकमा दुरंतो एक्सप्रेस को हर रोज चलाए जाने की तैयारियों में जुट गया है। इसे लेकर कागजी कार्रवाई भी शुरू कर दी गई है। बताया गया कि यूपी विधानसभा चुनाव के पहले इन दोनों ट्रेनों के फेरे बढ़ाए जा सकते हैं। प्रयागराज से मुंबई जाने वाले यात्रियों की भारी भीड़ को देखते हुए लंबे समय से दुरंतो एक्सप्रेस को प्रतिदिन चलाए जाने की मांग उठ रही थी।
वर्तमान में यह ट्रेन प्रयागराज से प्रत्येक मंगलवार और शनिवार को ही संचालित होती है, इसके कारण यात्रियों को कंफर्म टिकट मिलने में मशक्कत करनी पड़ती है। वहीं, व्यापार और रोजगार के सिलसिले में गुजरात जाने वाले यात्रियों की सुविधा के लिए प्रयागराज-अहमदाबाद एक्सप्रेस के फेरे बढ़ाने की भी जरूरत महसूस की जा रही थी। अभी इस ट्रेन का संचालन सप्ताह में महज एक ही दिन होता है।
अब इस पहल के बाद रेलवे बोर्ड स्तर पर इन प्रस्तावों पर मंथन शुरू हो गया है। उत्तर मध्य रेलवे के सीपीआरओ डाॅ. शिवम शर्मा का कहना है कि मामला रेलवे बोर्ड में विचाराधीन है, मंत्रालय ही इसमें अंतिम निर्णय लेगा।
प्रयागराज छिवकी के रास्ते चलेगी कन्याकुमारी-बनारस विशेष ट्रेन
रेल प्रशासन ने प्रयागराज छिवकी रेलवे स्टेशन के रास्ते कन्याकुमारी-बनारस विशेष गाड़ी चलाने का निर्णय लिया है। यह विशेष ट्रेन कन्याकुमारी से तीन दिसंबर को और बनारस से नौ दिसंबर को चलेगी।
गाड़ी-06051 कन्याकुमारी-बनारस विशेष ट्रेन तीन दिसंबर को कन्याकुमारी से दोपहर 2:30 बजे प्रस्थान करेगी। ट्रेन तीसरे दिन दोपहर 3:00 बजे प्रयागराज छिवकी पहुंचेगी और 3:05 बजे प्रस्थान करेगी। यह उसी रात 8:00 बजे बनारस पहुंचेगी।
वापसी में गाड़ी-06052 बनारस-कन्याकुमारी विशेष ट्रेन नौ दिसंबर, को बनारस से रात 10:30 बजे रवाना होगी। यह दूसरे दिन तड़के 2:45 बजे छिवकी पहुंचेगी और 2:50 बजे आगे के लिए प्रस्थान करेगी। ट्रेन चौथे दिन सुबह 6:30 बजे कन्याकुमारी पहुंचेगी।
इस विशेष गाड़ी में 20 कोच लगाए जाएंगे। इनमें पांच वातानुकूलित तृतीय श्रेणी, दस वातानुकूलित तृतीय इकॉनमी श्रेणी और तीन शयनयान श्रेणी के कोच शामिल हैं। इसके अतिरिक्त, दो जनरेटर सह लगेज यान भी होंगे। यह ट्रेन नागरकोविल, तिरुनेलवेली, मदुरै, चेन्नै एषुंबूर (एग्मोर), विजयवाड़ा, जबलपुर और सतना जैसे प्रमुख स्टेशनों पर रुकेगी।
