जंक्शन के सिविल लाइंस साइड में कैशवैन से करीब डेढ़ करोड़ रुपये चोरी की वारदात में सीसीटीवी फुटेज से अहम खुलासा हुआ है। पता चला है कि चोर गिरोह के सात सदस्य कैशवैन से नगदी भरा बक्सा उड़ाने के बाद फाफामऊ भाग निकले थे। जिसके बाद पुलिस फाफामऊ व आसपास के इलाकों में दिन भर छापेमारी करती रही। हालांकि देर रात तक उन्हें पकड़ा नहीं जा सका था।
प्रयागराजः सीसीटीवी फुटेज से खुलासा, एटीएम कैशवैन से डेढ़ करोड़ लेकर फाफामऊ में गुम हुए चोर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
पहला फुटेज: 17.17 मिनट
सूत्रों की मानें तो जांच पड़ताल के दौरान जंक्शन के सर्कुलेटिंग एरिया में लगे तीन सीसीटीवी कैमरों की फुटेज मेें बदमाश नजर आए। दरअसल, कस्टोडियन समेत अन्य कर्मचारियों से पूछताछ के बाद एसएसपी ने बताया था कि वह सभी 5.12 मिनट के करीब जंक्शन पर होटल के बगल स्थित एसबीआई एटीएम में गए। पुलिस को एक कैमरे की फुटेज देखने के बाद पता चला कि वारदात को अंजाम देेने वाले गिरोह के सदस्य करीब पांच मिनट बाद यानी 5.17 बजे कैशवैन के पास से होकर गुजरे। कुछ दूर जाने के बाद वह फिर मुड़कर वापस आए और वहां टहल रहे ड्राइवर से कुछ बातचीत की। जिसके बाद ड्राइवर टिकट काउंटर की ओर इशारा करके उन्हें कुछ बताता भी है। इस दौरान चार से पांच मिनट का वक्त लगता है और इसी दौरान एक चोर बक्सा निकाल लेता है। फुटेज में चोर कैशवैन से बक्सा निकालते नहीं नजर आता लेकिन माना जा रहा है कि ऐसा तब हुआ, जब ड्राइवर को गिरोह के अन्य सदस्यों ने अपनी बातों में उलझाए रखा था।
दूसरा फुटेज: 17.24 मिनट
पुलिस को मिला दूसरे फुटेज होटल पोलो मैक्स के पास लगे सीसीटीवी कैमरे का है जिसमें सामने स्थित स्टैंड भी नजर आता है। 10-15 सेकंड बाद ही फुटेज में एक चोर बक्सा लेकर तेजी से भागते हुए दिखाई देता है। दो-तीन सेकंड बाद उसके पीछे उसका एक साथी भी दौड़ते हुए नजर आता है। यही नहीं गिरोह का एक और सदस्य भी फुटेज में नजर आता है लेकिन वह अपने साथियों के पीछे न जाकर होटल के सामने वाले रास्ते से होकर जाता है। इसके बाद सभी रेलवे अस्पताल गेट की ओर चले जाते हैं।
तीसरे फुटेज में बदमाश रेलवे अस्पताल व डीआरएम बंगले के बीच बने रास्ते पर बक्सा लेकर जाते दिखाई देते हैं। फुटेज में दिखाई दे रहा है कि बक्सा लिए हुए बदमाश 17.25.16 मिनट पर रेलवे अस्पताल का गेट पार करते हैं। यहां पहले दो बदमाश बक्सा लेकर जाते हुए गेट से उस पार जाते हैं। इसके बाद एक-एक करके इनके चार अन्य साथी भी नजर आते हैं। जो बक्से को लेकर जाने में उनकी मदद भी करते भी दिखाई दे रहे हैं। तीनों फुटेज से साफ है कि आठ मिनट के भीतर ही बदमाश डेढ़ करोड़ रुपयों से भरा बक्सा लेकर फरार हो जाते हैं।
पुलिस को शक, अंतरराज्यीय चोर गिरोह ने की वारदात
प्रयागराज। कैशवैन से डेढ़ करोड़ की चोरी के मामले में अब तक की जांच व घटना के सीसीटीवी फुटेज देखने के बाद यह संभावना भी है कि वारदात में कोई अंतराज्यीय गिरोह शामिल रहा हो। फुटेज में दिखे बदमाशोें का हुलिया देखने के बाद इस आशंका केा और भी बल मिल रहा है। अफसर भी इस संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं। उनका कहना है कि सभी बिंदुओं को ध्यान में रखकर जांच की जा रही है।
सूत्रों की मानें तो सीसीटीवी फुटेज में जो बदमाश नजर आए हैं उनका हुलिया बहुत कुछ दक्षिण भारत के लोगों का जैसा है। चूंकि पूर्व में शहर में हुई चोरी, टप्पेबाजी की घटनाओं में दक्षिण भारत से आए बदमाशों की संलिप्तिता सामने आ चुकी है, ऐसे में यह भी संभावना है कि इस वारदात में भी वहां का ही कोई गिरोह शामिल हो। बता दें कि कुंभ के दौरान शहर में टप्पेबाजी व चोरी की दर्जनों घटनाओं का खुलासा करते हुए पुलिस ने तमिलनाडू के एक गिरोह को पकड़ा था जिनमें महिलाएं भी शामिल थीं।
पुलिस अफसर भी इस संभावना से इंकार नहीं कर रहे हैं। हालांकि उनका यह भी कहना है कि इस स्थिति में उनका कोई स्थानीय मददगार जरूर रहा होगा। इसलिए क्योंकि जिस तरह से वारदात को अंजाम देकर बदमाश भाग निकले, उससे साफ है कि उन्हेें यहां के रास्तों, इलाकों की बहुत अच्छे से जानकारी थी। बाहर का गिरोह होने की स्थिति में बिना किसी स्थानीय व्यक्ति की मदद के इतनी बड़ी वारदात को अंजाम देेना आसान नहीं। एसएसपी सत्यार्थ अनिरुद्ध पंकज का कहना है कि वारदात में अंतरराज्यीय गिरोह के होने की संभावना से इंकार नहीं किया जा सकता। जांच की जा रही है।
खुलासे के लिए लगाई गईं चार टीमें
प्रयागराज। पुलिस अफसरों ने बताया कि मामले के खुलासे के लिए कुल चार टीमें लगाई गई हैं। इनमें से एक टीम को प्रतापगढ़ भी भेजा गया है। इसके अलावा क्राइम ब्रांच, स्वाट व व्यापारी सुरक्षा प्रकोष्ठ के साथ ही एसटीएफ भी इस मामले पर काम कर रही है। अफसरों ने बताया कि सभी टीमें सीसीटीवी फुटेज के सहारे बदमाशों को चिह्नित करने के प्रयास में जुटी हैं। आसपास के जनपदों में पूर्व में हुुई इस तरह की घटनाओं की जानकारी भी जुटाई जा रही है।
संदिग्ध नंबरों की खंगाली जा रही कॉल डिटेल
प्रयागराज। पुलिस सूत्रों की मानें तो जिस तरह से वारदात को अंजाम दिया गया, उससे इस बात की भी पूरी आशंका है कि घटना के वक्त बदमाशों का कोई खबरी जरूर मौके पर मौजूद रहा हो। कैशवैन के पहुंचने के ठीक कुछ मिनटों बाद ही बदमाश जिस तरह वहां आ धमके, उससे भी इस बात को बल मिलता है। ऐसे में पुलिस उन सभी मोबाइल नंबरों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है जो घटना के वक्त जंक्शन पर सक्रिय थे। सूत्रों का कहना है कि इनमें से कुछ संदिग्ध नंबरों को सर्विलांस पर भी लगवाया गया है। कैशवैन कंपनी के चारों कर्मचारियों की कॉल डिटेल भी खंगाली जा रही है।
कंपनी के अफसरों से भी पूछताछ
जांच पड़ताल में जुटी पुलिस ने शुक्रवार को कंपनी के अफसरों से भी पूछताछ की। उनसे संबंधित कर्मचारियों के बारे में तो पूछताछ की ही गई, कंपनी में कार्यरत अन्य कर्मचारियों के बारे में भी जानकारी मांगी गई। यह भी पूछा गया कि कोई ऐसा तो नहीं रहा जिसे हाल के दिनों में ही नौकरी से निकाला गया हो या फिर उसने खुद नौकरी छोड़ी हो। क्राइम ब्रांच की एक टीम सुबह जांच पड़ताल करने एसबीआई की म्योहाल स्थित मुख्य शाखा भी पहुंची। साथ ही उनसे यह जाना कि कैश मैनेजमेंट कंपनी के कर्मचारियोें ने किस एटीएम में कितनी रकम डाली।