Prayagraj News : गैंगस्टर के आरोपी का एक करोड़ का मकान कुर्क, हत्या कर वृद्धा के शव को दफना दिया था खंडहर में
धीरज पर कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। उसने अपने अन्य दो साथियों संग मिलकर पिछले साल 19 अगस्त को मछली बाजार निवासी बुजुर्ग विद्यावती देवी को अगवा कर सोरांव में खंडहरनुमा मकान में ले जाकर हत्या कर दी थी। साथ ही शव को वहीं जमीन में दफना दिया था।
विस्तार
शिवकुटी पुलिस ने शनिवार को गैंगस्टर के आरोपी धीरज गुप्ता का एक करोड़ रुपये मूल्य का मकान कुर्क कर दिया। कटरा में प्रशासनिक अधिकारियों की मौजूदगी में यह कार्रवाई की गई। आरोपी अगवा कर वृद्ध की हत्या व शव दफनाने समेत अन्य मामलों में नामजद रह चुका है। उसके खिलाफ इसी साल 11 फरवरी को कर्नलगंज थाने में गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज हुआ था। जिसमें उसके दो साथियों आशीष यादव उर्फ सिद्धू और रवि उर्फ रिंकू कचौड़ी को भी आरोपी बनाया गया था। इस मामले की विवेचना शिवकुटी एसओ मनीष कुमार त्रिपाठी कर रहे थे।
इसी के तहत आरोपी की कटरा स्थित अपराध से अर्जित एक संपत्ति का पता चला। यह तीन मंजिला मकान है जिसका वर्तमान मूल्य लगभग एक करोड़ रुपये है। यह उसकी पत्नी रिंकू सिंह के नाम पर है। शनिवार को इसे गैंगस्टर एक्ट की धारा 14(1) के तहत कुर्क कर दिया गया।
कुल 12 मुकदमे हैं दर्ज
धीरज पर कुल 12 मुकदमे दर्ज हैं। उसने अपने अन्य दो साथियों संग मिलकर पिछले साल 19 अगस्त को मछली बाजार निवासी बुजुर्ग विद्यावती देवी को अगवा कर सोरांव में खंडहरनुमा मकान में ले जाकर हत्या कर दी थी। साथ ही शव को वहीं जमीन में दफना दिया था।
गैंगस्टर का आरोपी गोतस्कर गिरोह सरगना गिरफ्तार
शाहगंज पुलिस ने गैंगस्टर के मामले में वांछित चल रहे गोतस्कर गिरोह सरगना मो. आलम उर्फ आजम को गिरफ्तार कर लिया है। एसओ अरविंद राय ने बताया कि वह धूमनगंज के लखनपुर का रहने वाला है। वह पूर्व में भी करेली में अपने साथी शरीफ उर्फ सोनू संग गोवध अधिनियम के तहत गिरफ्तार किया जा चुका है। इसी साल फरवरी में करेली पुलिस ने उसके व उसके साथी के खिलाफ गैंगस्टर का मुकदमा दर्ज किया था और तब से उनकी तलाश चल रही थी। उसे गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।