Prayagraj : एक माह के लिए बढ़ाई गई मुंबई की तीसरी उड़ान, यात्रियों की अच्छी संख्या के चलते लिया गया निर्णय
प्रयागराज से मुंबई के लिए संचालित अकासा एयर की उड़ान एक माह के लिए बढ़ा दी गई है। पहले इसका संचालन 31 मई तक होना था, लेकिन यात्रियों की अच्छी संख्या के चलते शेड्यूल 27 जून तक कर दिया गया है।
विस्तार
प्रयागराज से मुंबई के लिए संचालित अकासा एयर की उड़ान एक माह के लिए बढ़ा दी गई है। पहले इसका संचालन 31 मई तक होना था, लेकिन यात्रियों की अच्छी संख्या के चलते शेड्यूल 27 जून तक कर दिया गया है। यात्रियों की संख्या बेहतर रही तो इसे 27 जून से आगे भी बढ़ाया जा सकता है।
इसी माह 14 मई को प्रयागराज से मुंबई के लिए तीसरी उड़ान शुरू हुई। इस विमान के संचालन से पहले प्रयागराज से इंडिगो और अकासा एयर की ओर से भी मुंबई के लिए विमान संचालित किया जाता रहा। अकासा एयर ने अपना दूसरा विमान मुंबई के लिए शुरू किया तो उम्मीद नहीं थी कि फ्लाइट का ट्रैफिक लोड बेहतर रहेगा। लेकिन, बीते दो सप्ताह के दौरान इस विमान में 80 फीसदी से ज्यादा सीटें भरी रहीं।
एयरपोर्ट प्रबंधन का कहना है कि प्रयागराज से मुंबई के लिए यात्रियों की संख्या काफी है। यहां से बंगलूरू जाने वाले यात्रियों की भी काफी आवाजाही है। अगर पुणे के लिए भी सीधी विमान सेवा शुरू हो जाए तो यहां के लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
कल से ओरछा रेलवे स्टेशन पर बुंदेलखंड एक्सप्रेस का होगा ठहराव
अमृत भारत स्टेशन के रूप में विकसित किए गए ओरछा रेलवे स्टेशन पर अब बुंदेलखंड एक्सप्रेस का भी ठहराव होगा। प्रयागराज जंक्शन के रास्ते वाराणसी से ग्वालियर जाने वाली बुंदेलखंड एक्सप्रेस का ठहराव यहां 30 मई से शुरू हो जाएगा। झांसी से प्रयागराज के बीच इस ट्रेन के कई स्टेशनों पर आगमन-प्रस्थान के समय में भी परिवर्तन होने जा रहा है।
गाड़ी संख्या 11107 ग्वालियर से रात 9:05 बजे चलने के बाद रात 10:40-10:45 बजे झांसी और रात 11:00 बजे ओरछा पहुंचेगी। दो मिनट के ठहराव के बाद ट्रेन रात 11:02 बजे रवाना होगी। ट्रेन पहले की तरह सुबह 6:55 बजे प्रयागराज और 11:05 बजे बनारस स्टेशन पहुंचेगी।
इस दौरान बुंदेलखंड निवाड़ी स्टेशन पर रात 11:12-11:13 की जगह 11:19-11:20 बजे, टेहरका में रात 11:26-11:27 की जगह 11:33-11:34 बजे, मऊरानीपुर में रात 11:44-11:46 की जगह 11:51-11:53 बजे ट्रेन पहुंचेगी।
वहीं, हरपालपुर में रात 12:04-12:06 बजे की जगह 12:11-12:13 बजे, बेेलाताल में रात 12:24-12:25 की जगह 12:31-12:32 बजे, कुलपहाड़ में रात 12:35-12:36 बजे की जगह 12:42-12:43 बजे और महोबा में रात 12:54-12:56 की जगह 1:01-1:03 बजे ट्रेन पहुंचेगी। इसी तरह 11108 बनारस-ग्वालियर का 31 मई से ओरछा स्टेशन पर ठहराव शुरू हो जाएगा। वहां सुबह 4:50 बजे पहुंचकर 4:52 बजे ट्रेन रवाना हो जाएगी।