UP : माफिया अतीक के बेटे अली ने जेल में मांगी led टीवी, अधिवक्ता के माध्यम से कोर्ट में भेजा प्रार्थना पत्र
केंद्रीय कारागार के हाई सिक्योरिटी बैरक में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली अहमद ने जेल प्रशासन और न्यायालय को पत्र भेज कर अपने बैरक में एलइडी टीवी लगाने की मांग की है। कहा कि टेलीविजन ना होने से वह बाहर की दुनिया से पूरी तरह से कट गया है।
विस्तार
केंद्रीय कारागार नैनी की हाई सिक्योरिटी सेल में बंद माफिया अतीक अहमद के बेटे अली ने समय बिताने के लिए अपनी सेल में टीवी लगवाने की मांग की है। अली ने अपने अधिवक्ता के माध्यम से न्यायालय में प्रस्तुत किए गए प्रार्थना पत्र में इसकी मांग की थी। इसके साथ ही उसने अन्य मांग भी शामिल है। हालांकि मामले में जेल प्रशासन द्वारा न्यायालय में जबाव प्रस्तुत करते हुए बताया गया कि जेल में मैनुअल के अनुसार ही हर बंदी को सुविधा प्रदान की जाती है। सेल में टीवी लगाने का मैनुअल में कोई प्रावधान नहीं है।
बता दें कि माफिया अतीक अहमद का बेटा जेल में कई सालों से बंद है। उसे जेल की हाईसिक्योरिटी सेल में रखा गया है और उसपर सिपाही और सीसीटीवी कैमरे से नगर रखी जा रही है। एकांत में बंद होने के कारण उसका समय नहीं कट रहा है। और वह बाहरी दुनिया से बिलकुल अलग हो गया है। उसकी पेशी भी जेल के अंदर वीडियो कांफेंसिंग से हो रही है।
यही कारण है कि उसने अदालत में प्रार्थना पत्र देकर अपने बैरक में टीवी लगवाने की मांग की है, जिसे जेल प्रशासन ने एक सिरे से खारिज कर दिया है। माफिया अतीक अहमद के देवरिया जेल में बंद होने के दौरान रंगदारी वसूल जाने समेत कई अन्य मामले को लेकर बीते कई साल से उसका बेटा अली अहमद नैनी जेल में बंद है।जेल प्रशासन ने अदालत में जवाब दाखिल करते हुए इसे जेल मैनुअल के अनुसार गलत बताया।
वरिष्ठ जेल अधीक्षक केंद्रीय कारागार नैनी रंग बहादुर पटेल ने बताया कि कई माह पहले उसने अपने अधिवक्ता के माध्यम से प्रार्थना पत्र दाखिल किया था। जिसपर जेल प्रशासन द्वारा जबाव दे दिया गया है। वहीं उसे सेल में अखबार और किताब पढ़ने के लिए उपलब्ध कराई जाती है।