Loknath Ki Holi : चार टैंकर पानी में घुलेगा एक बोरी रंग, आठ फिट लंबी चार पिचकारियों से खेला जाएगा फगुआ
फगुआ को यादगार बनाने के लिए चार टैंकर पानी में एक बोरी रंग घोलने की योजना बनाई गई है। हर साल की तरह इस साल को भी भव्य बनाने के लिए विशेष आयोजन किए जाएंगे। आठ फिट लंबी चार पिचकारी के साथ ही रंग और गुलाल की मात्रा बढ़ाई जाएगी।
विस्तार
फगुआ को यादगार बनाने के लिए चार टैंकर पानी में एक बोरी रंग घोलने की योजना बनाई गई है। हर साल की तरह इस साल को भी भव्य बनाने के लिए विशेष आयोजन किए जाएंगे। आठ फिट लंबी चार पिचकारी के साथ ही रंग और गुलाल की मात्रा बढ़ाई जाएगी।
लोकनाथ में ठठेरी बाजार के तीन दिवसीय होली की तैयारी शुरू हो चुकी है। ठठेरी बाजार व्यापार मंडल समिति हर साल होलिकोत्सव के मौके पर विशेष कार्यक्रम का आयोजन करती है। इस बार की होली को भव्य बनाने के लिए नगर निगम की तरफ से पांच टैंकर पानी मंगाया गया है। जिसमें एक बोरी लाल रंग घोला जाएगा। और 20 बोरी गुलाल से फगुआ मनाया जाएगा। खास बात यह कि टैंकर में घोलने के लिए केवल लाल रंग का ही प्रयोग किया जाएगा।
वहीं पांच प्लास्टिक का स्विमिंग टब रखा जाएगा। जिसमें बच्चे होली का लुत्फ उठाएंगे। आठ फिट की चार विशेष पिचकारी भी मंगाई गई है। इसको इस्तेमाल करने लिए पांच से छह लोग लगते हैं। इसमें एक बार में पांच लीटर तक रंग भरा जा सकता है। 51 साउंड बॉक्स भी मंगाए गए हैं। जिसे गली के दोनों छोर पर लगाया जाएगा। मधुर स्वर लोगों को थिरकने को मजबूर कर देगा। इसके अलावा कमेटी की तरफ से भंडारा भी कराया जाएगा। जिसमें छोला-चावल और अन्य व्यंजन की उत्तम व्यवस्था रहेगी।
समिति के अध्यक्ष चंद्रमोहन कसेरा ने बताया कि पिछले साल एक फव्वारा लगा था, लेकिन इस बार दो फव्वारा लगाए जाएंगे। 20 बोरी अबीर की व्यवस्था की गई है। जिसे मशीन के माध्यम से लोगों पर बिखेरा जाएगा। इसके बाद नाटकीय बारात निकलेगी। जिसमें कमेटी के सदस्य दूल्हा और दुल्हन का किरदार निभाएंगे। समिति के महामंत्री सौरभ केशरवानी और संयोजक रोहित कसेरा हैं।
होली को खास बनाएंगे मुखौटे और सिलिकॉन से बने घुंघराले बाल
होली के त्योहार के मद्देनजर शहर के चौक सहित कई इलाकों में सजे बाजार में रंग-गुलाल और पिचकारियों के साथ ही करीब 10 तरह के मुखौटे और सिलिकॉन से बने बाल भी खूब नज़र आ रहे हैं। इसके साथ ही अलग -अलग रंगों की टोपी और बड़े आकार के चश्मों की भी डिमांड खूब हो रही है। दुकानों में बच्चों के पसंदीदा कार्टून कैरेक्टर और जानवरों के चेहरे की झलक दिखाते कई मुखौटे हैं। कुछ मुखौटे विग के साथ हैं और कुछ मुखौटे बिना विग के हैं। इसके अलावा सिर्फ बालों की विग के तौर भी अलग से खरीददारी की जा सकती है।
चौक के दुकानदार राहुल सोनकर और कामरान जफर ने बताया कि मुखौटे प्लास्टिक या लेटेक्स से बने हैं। इनमें स्पाइडरमैन, डोरेमोन और कृष के साथ ही शेर, भालू, बंदर, खरगोश, आदि मानव और भूत की आकृति तक के मुखौटे हैं। दुकानकार मुखौटों की कीमत 10 रुपये से लेकर 100 रुपये तक बता रहे हैं।
दुकानदारों ने कहा कि सिलिकॉन से बले बालों के विग भी अलग-अलग तरह के हैं। कुछ विग कई रंगों में हैं और कुछ पूरी तरह से काले हैं। इसके अलावा मलिंगा, मुर्गा और कर्ली स्टाइल के बालों के विग भी उपलब्ध हैं और युवा इनकी खूब डिमांड भी कर रहे है। इनकी कीमत 100 रुपये से 250 रुपये तक बताया जा रहा है। इसी तरह टोपी और चश्मे भी कई कीमत में उपलब्ध हैं। गौरतलब है कि कई बच्चे और युवा होली में रंग खेलने के दौरान इन मुखौटों और विग का खूब इस्तेमाल करते हैं। साथ ही बालों और आंखों को रंगों से बचाने के साथ ही अलग दिखने के लिए कई लोग टोपी और चश्मा भी पहनते हैं।