Prayagraj News : जिला अधिवक्ता संघ के चुनाव में भारी बवाल, मतपेटी लेकर भागे, मतदान स्थगित
मतपेटिका को कब्जे में लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बवाल के बाद एल्डर कमेटी, चुनाव कमेटी और वर्तमान कार्यकारिणी के सदस्यों ने प्रत्याशियों के साथ बैठक कर मतदान स्थगित कर दिया।
विस्तार
जिला अधिवक्ता संघ की नई कार्यकारिणी के चुनाव के लिए शुक्रवार को हुए मतदान में फर्जी वोट पड़ने के बाद जमकर बवाल हुआ। कई प्रत्याशियों ने कड़ी आपत्ति जाई। इसके बाद कुछ समर्थकों ने 12 में से एक मतपेटिका (पेटी नंबर दो) को अपने कब्जे में ले लिया। उसमें पड़े मतों को बाहर (मतदान परिसर में) फेंक दिया। बाद में मतपेटिका को पुलिस ने विकास भवन से बरामद किया।
मतपेटिका को कब्जे में लेने का एक वीडियो सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है। बवाल के बाद एल्डर कमेटी, चुनाव कमेटी और वर्तमान कार्यकारिणी के सदस्यों ने प्रत्याशियों के साथ बैठक कर मतदान स्थगित कर दिया। रात में जिला अधिवक्ता संघ की ओर से अज्ञात लोगों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज करने के लिए कर्नलगंज थाने तहरीर में तहरीर दे दी गई।
चुनाव अधिकारी भूपेंद्र देव शुक्ल ने बताया कि एल्डर कमेटी, प्रत्याशियों और निवर्तमान कार्यकारिणी के बीच हुई संयुक्त बैठक में मतदान निरस्त करने के संबंध में चर्चा की गई लेकिन किसी जिम्मेदार व्यक्ति ने इस मुद्दे पर कुछ नहीं कहा। लिहाजा, उन्होंने सीसीटीवी फुटेज सहित सभी रिकॉर्ड, बाकी 11 मतपेटियों को सील करके एडीएम सिटी को सौंपना चाहा लेकिन उन्होंने इसे लेने से इन्कार कर दिया।
इसके बाद मतपेटियों को जिला जज के कार्यालय में रख दिया गया है। वह अब एक नवंबर को इलाहाबाद हाईकोर्ट में होने वाली सुनवाई में घटना की सीसीटीवी फुटेज सहित अपनी रिपोर्ट प्रस्तुत करेंगे। हाईकोर्ट के आदेश के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
इसके पहले चुनाव अपने तय समय के अनुसार सुबह नौ बजे से शुरू हुआ। मतदान के लिए स्थायी सदस्यों और सामान्य सदस्यों के लिए 20 काउंटर बनाए गए थे। मतदान के पूर्व अधिवक्ताओं/मतदाताओं के आईकार्ड देखने के बाद पर्ची दी गई। इसके बाद अधिवक्ताओं को सीओपी नंबर देखने के बाद वोटिंग के लिए जाने दिया जा रहा था। दोपहर करीब साढ़े तीन बजे एक व्यक्ति ने फर्जी तरीके से मतदान कर दिया।
इसकी सूचना जैसे ही प्रत्याशियों और उनके समर्थकों को लगी। बवाल शुरू हो गया। फर्जी मतदान करने वाले की जमकर पिटाई भी की गई। इसकी वजह से मतदान रोक दिया गया। फर्जी मतदान की सूचना मिलने पर अन्य प्रत्याशी भी अपने समर्थकों के साथ मतदान परिसर पहुंच गए। कुछ प्रत्याशियों ने जानबूझकर गड़बड़ी करने का आरोप लगाया।
मतदान की सही व्यवस्था न होने से प्रत्याशियों ने जताई नाराजगी
मंत्री पद के प्रत्याशी ऋषि शंकर द्विवेदी, केबी तिवारी, राकेश कुमार तिवारी, राजेंद्र प्रसाद मिश्र उर्फ रज्जू, राहुल शुक्ल, सुधाकर पांडेय आदि ने आरोप लगाया कि मतदान की व्यवस्था सही नहीं होने से ऐसी स्थिति बनी। प्रत्याशियों ने कहा कि दोपहर साढ़े तीन बजे तक तकरीबन 22 सौ के आसपास मत (कुल मत 5931) पड़े थे। मत देने वाले अधिवक्ताओं की लंबी लाइन थी। इसके अलावा मतदान परिसर में कुछ ऐसे भी लोग मौजूद थे, जो वहां रहकर किसी का पक्ष ले रहे थे। इन वजहों से माहौल बिगड़ गया। फर्जी वोट पड़ने से मामला गंभीर हो गया।