प्रयागराज। सिविल लाइंस थाने में मंगलवार शाम आयोजित फुटपाथ कारोबारियों की बैठक के दौरान जमकर हंगामा हुआ। इसमें मुख्य सड़कों पर बुधवार से ठेला लगाने पर रोक के फरमान का विरोध किया गया। इसी दौरान फुटपाथ कारोबारियों के प्रतिनिधि व एडीएम के बीच नोकझोंक हो गई। जिस पर पुलिस ने उसे लॉकअप में बंद कर दिया। हालांकि बाद में उसे छोड़ दिया गया।
सिविल लाइंस थाने में शाम छह बजे के करीब फुटपाथ कारोबारियों की बैठक बुलाई गई थी। इसमें पुलिस के साथ एक एडीएम भी मौजूद थे। इस दौरान एडीएम व पुलिस अफसरों ने बताया कि बुधवार से मुख्य सड़कों सरदार पटेल मार्ग, एमजी मार्ग व नवाब यूसुफ रोड पर कोई भी ठेला नहीं लगेगा। यहां के फुटपाथ कारोबारी जीएचएस या बीएचएस के पास अपनी जगह खोजें। इस बात का फुटपाथ कारोबारियों ने विरोध किया। इसी दौरान उनके प्रतिनिधि व एडीएम के बीच नोकझोंक होने लगी जिसके बाद उसे लॉकअप में बंद कर दिय गया। हालांकि कुछ देर बाद उसे छोड़ दिया गया। उधर इंस्पेक्टर सिविल लाइंस ने बताया कि हाईकोर्ट के निर्देश के अनुसार क्षेत्र की मुख्य सड़कों से ठेला हटवाया जा रहा है। बुधवार से उपरोक्त सड़कों पर जो भी व्यक्ति ठेला लगाते पाया जाएगा, उसके खिलाफ नगर निगम व पुलिस संयुक्त रूप से कार्रवाई करेगी।