{"_id":"6a74a7217c1334c5990b1e93","slug":"four-districts-four-faces-of-the-monsoon-relief-in-some-areas-drought-like-conditions-in-others-2026-08-06","type":"story","status":"publish","title_hn":"Prayagraj : चार जिलों में मानसून के चार रंग, कहीं राहत, कहीं सूखे जैसे हालात","category":{"title":"City & states","title_hn":"शहर और राज्य","slug":"city-and-states"}}
Prayagraj : चार जिलों में मानसून के चार रंग, कहीं राहत, कहीं सूखे जैसे हालात
Thu, 06 Aug 2026 08:54 PM IST
विनोद सिंह
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
अमर उजाला नेटवर्क, प्रयागराज
Published by: विनोद सिंह
Updated Thu, 06 Aug 2026 08:54 PM IST
सार
दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार प्रयागराज मंडल के चार प्रमुख जिलों में अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक जून से पांच अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार प्रयागराज और प्रतापगढ़ में हाल के दिनों की बारिश से कुछ राहत जरूर मिली है लेकिन कौशाम्बी और फतेहपुर अब भी कमजोर मानसून की मार झेल रहे हैं।
विज्ञापन
प्रयागराज में बारिश।
- फोटो : अमर उजाला।
विस्तार
दक्षिण-पश्चिम मानसून इस बार प्रयागराज मंडल के चार प्रमुख जिलों में अलग-अलग रंग दिखा रहा है। एक जून से पांच अगस्त तक के आंकड़ों के अनुसार प्रयागराज और प्रतापगढ़ में हाल के दिनों की बारिश से कुछ राहत जरूर मिली है लेकिन कौशाम्बी और फतेहपुर अब भी कमजोर मानसून की मार झेल रहे हैं। सबसे अधिक चिंता कौशाम्बी की है, जहां सामान्य से 71 फीसदी कम वर्षा दर्ज की गई है। जिले को प्रदेश के 13 अल्प वर्षा वाले जिलों में भी शामिल किया गया है। मौसम विभाग के अनुसार प्रयागराज में अब तक 264.8 मिमी बारिश हुई है, जबकि सामान्य वर्षा 365.1 मिमी है।
विज्ञापन
प्रतापगढ़ में 301.8 मिमी वर्षा दर्ज की गई, जो सामान्य 395.9 मिमी के मुकाबले 24 फीसदी कम है। फतेहपुर में सामान्य 351.2 मिमी के सापेक्ष केवल 138.0 मिमी बारिश हुई है, जिससे 61 फीसदी की कमी दर्ज की गई। सबसे खराब स्थिति कौशाम्बी की है, जहां सामान्य 285.9 मिमी के मुकाबले केवल 83.9 मिमी वर्षा हुई है, यानी 71 फीसदी की भारी कमी। उप निदेशक कृषि डॉ. पवन विश्वकर्मा का मानना है कि अगस्त के शेष दिनों में अच्छी बारिश होने पर कुछ जिलों में स्थिति सुधर सकती है।
विज्ञापन
प्रदेश के 13 अल्प वर्षा वाले जिलों में शामिल हुआ कौशाम्बी
कौशाम्बी में सामान्य वर्षा का केवल 29.3 फीसदी पानी ही बरसा है। लगातार कम बारिश के चलते जिले को प्रदेश के 13 अल्प वर्षा वाले जिलों में शामिल किया गया है। उप निदेशक कृषि डाॅ. अनिल सागर का मानना है कि यदि जल्द अच्छी बारिश नहीं हुई तो खरीफ फसलों के साथ-साथ भूजल स्तर पर भी प्रतिकूल असर पड़ सकता है।
विज्ञापन
जुलाई में कौशाम्बी सबसे पीछे, प्रतापगढ़ में सबसे अधिक बारिश
जुलाई के आंकड़ों में प्रयागराज मंडल के चार जिलों में मानसून का असर अलग-अलग दिखा। प्रतापगढ़ में सबसे अधिक 114 मिमी बारिश दर्ज हुई, जबकि कौशाम्बी में महज 29.5 मिमी वर्षा हुई। प्रयागराज में 93.5 मिमी और फतेहपुर में 77.5 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई। सामान्य वर्षा की तुलना में प्रतापगढ़ 52.9 फीसदी, प्रयागराज 46.2 फीसदी, फतेहपुर 40.3 फीसदी और कौशाम्बी केवल 17.7 फीसदी पर सिमट गया।