गंगा की कटान से कोरोना काल के चार शव फिर निकले, सकते में लोग
- फाफामऊ घाट पर अब तक रेत से निकले 30 शवों का अंतिम संस्कार, गंगा में कटान का दायरा बढ़ने से कई और शवों के बाहर आने की आशंका
विस्तार
लगातार बारिश के साथ गंगा में कटान से रविवार को फाफामऊ घाट पर रेत में दफनाए गए चार और शव बाहर आ गए। एक-एक कर चार शवों के बाहर आने से लोग सकते में आ गए। नगर निगम प्रशासन ने गंगा की धारा में लटक रहे शवों को एक-एक कर बाहर निकाला। इसके बाद चिताएं लगाकर उनका अंतिम संस्कार कराया गया।इसी के साथ अब तक रेत से निकलने वाले शवों की संख्या बढ़कर 30 हो गई है।
उत्तराखंड में बाढ़ आने के बाद बांधों से पानी छोड़े जाने और बारिश होने से गंगा का जलस्तर बड़ रहा है। फाफामऊ घाट पर रविवार की सुबह कटान का दायरा बढ़ने से रेत से तीन शवों का कुछ हिस्सा दिखाई देने लगा। इन शवों में से कुछ के पैर और हाथ गंगा की धारा में लकट रहे थे। शव गंगा में न बहने पाएं और जानवर न नोचने पाएं, इसलिए वहां मौजूद कर्मियों ने तत्काल उन्हें बाहर निकालने की मशक्कत शुरू कर दी। घाट पर तैनात निगम कर्मियों ने अफसरों को भी इससे अवगत कराया। इसके बाद मजदूरों की मदद से सभी तीनों शवों को बाहर निकलवा गया।
इसलिए कि घाट पर रेत में अभी दर्जनों शवों के होने की आशंका जताई जा रही है। कटान की वजह से पिछले 20 दिनों से लगातार इस घाट पर रेत में दफनाए गए शवों के बाहर आने का सिलसिला जारी है। अभी इस घाट पर दर्जनों शवों के दबे होने की बात कही जा रही है। फिलहाल हालात को देखते हुए दिन रात निगरानी रखने के निर्देश दिए गए हैं।