उड्डयन मंत्री नंदी बोले : अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शिलान्यास जल्द
यूपी के कैबिनेट मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने दिसंबर अंत या फिर जनवरी प्रथम सप्ताह में शिलान्यास कराने के दिए निर्देश। अधिकारियों ने प्रथम चरण के लिए निर्धारित 351 एकड़ जमीन अधिगृहीत किए जाने की दी जानकारी। मंत्री नंदी ने प्रदेश के अन्य पांच एयरपोर्टों का भी दिसंबर अंत तक लोकार्पण करने के लिए कहा। नंदी ने नागरिक उड्डयन विभाग के कार्यों की समीक्षा बैठक की।
विस्तार
अयोध्या में मर्यादा पुरुषोत्तम श्रीराम अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट का शिलान्यास शीघ्र होगा। इसके लिए भूमि का अधिग्रहण कर लिया गया है। दिसंबर अंत या जनवरी के प्रथम सप्ताह में शिलान्यास किया जा सकता है। उत्तर प्रदेश के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता नंदी ने विभागीय अधिकारियों के साथ हुई समीक्षा बैठक में इसके लिए निर्देश जारी किया।
उत्तर प्रदेश सरकार के नागरिक उड्डयन मंत्री नंद गोपाल गुप्ता ‘नंदी‘ ने विधान भवन के अपने कार्यालय कक्ष में नागरिक उड्डयन विभाग के अधिकारियों के साथ कार्यों की समीक्षा बैठक की। प्रदेश के सभी एयरपोर्टों की समीक्षा करने के साथ ही आरसीएस एयरपोर्ट के विकास पर चर्चा की। बैठक में अधिकारियों ने मंत्री नंदी को मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के प्रथम चरण के लिए निर्धारित 351 एकड़ जमीन अधिगृहीत किए जाने और शिलान्यास के लिए विभागीय तैयारी पूरी होने की जानकारी दी।
जिस पर मंत्री नंदी ने अधिकारियों को निर्देशित करते हुए कहा कि दिसंबर 21 के अंत तक या जनवरी 2022 के प्रथम सप्ताह तक अयोध्या एयरपोर्ट के शिलान्यास की प्रक्रिया को पूरी कराएं, ताकि जल्द से जल्द मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम अंतर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के निर्माण कार्य शुरू हो सकें।
मंत्री नंदी ने आगरा, अलीगढ़, आजमगढ़, मुरादाबाद, श्रावस्ती, चित्रकूट, बरेली, झांसी, कानपुर, मेरठ, सोनभद्र, सहारनपुर, ललितपुर, गोरखपुर, हिण्डेन, प्रयागराज एयरपोर्ट के बारे में जानकारी ली। मंत्री ने कहा कि मर्यादा पुरूषोत्तम श्री राम अंतरर्राष्ट्रीय एयरपोर्ट के साथ ही अन्य पांच एयरपोर्ट का भी दिसम्बर अंत या फिर जनवरी प्रथम सप्ताह में लोकार्पण कराया जाए।
बैठक में अधिकारियों ने बताया कि कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट से दिल्ली की हवाई उड़ान शुरू हो गई है। जल्द ही कोलकाता और मुंबई के लिए भी हवाई उड़ान शुरू होने जा रही है। बताया गया कि आरसीएस के तहत डेवलप हो रहे चित्रकूट एयरपोर्ट के रनवे का कार्य पूरा हो गया है। जिसको देखते हुए एयरपोर्ट के लाइसेंसिंग की प्रक्रिया को आगे बढ़ा दिया गया है।