कोतवाली के जानसेगंज बाजार स्थित इलेक्ट्रॉनिक आइटम के गोदाम में भीषण आग से लाखों रुपए का सामान जलकर राख हो गया। दुकान से धुआं उठता देख लोगों ने सूचना दी तो फायर ब्रिगेड पहुंची। ढाई घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद फायरब्रिगेड कर्मचारियों ने आग पर काबू तो पा लिया, लेकिन तब तक गोदाम में रखा लाखों का सामान आग की भेंट चढ़ चुका था। आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट माना जा रहा है।
प्रयागराजः शहर के इलेक्ट्रॉनिक सामान के गोदाम में लगी भीषण आग, लाखों का नुकसान
टैगोर टाउन के रहने वाले ओमप्रकाश केवलानी जानसेनगंज बाजार में इलेक्ट्रॉनिक आइटम की दुकान चलाते हैं। दुकान के ऊपर पहली मंजिल पर उन्होंने गोदाम बना रखा है, जिसमें लाखों रुपए कीमत के इलेक्ट्रॉनिक सामान रखे थे। बृहस्पतिवार दोपहर 12 बजे के करीब लोगों ने गोदाम से धुआं उठता देखा। सूचना दी तो मालिक के साथ ही पुलिस भी आ गई। तब तक गोदाम से आग की लपटें उठने लगी थीं। सूचना पर फायर ब्रिगेड भी आ गई।
लीडिंग फायरमैन धर्मेंद्र मिश्रा व उनकी टीम आग बुझाने में जुट गई और करीब ढाई घंटे की मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया। हालांकि तब तक दुकान में रखा सारा सामान जलकर नष्ट हो चुका था। मुख्य अग्निशमन अधिकारी आरएस मिश्रा ने बताया की दुकान मालिक नुकसान का सही आंकड़ा तो नहीं दे पाए हैं लेकिन उन्होंने लाखों का नुकसान होने का अनुमान जताया है।
गोदाम बंद था ऐसे में आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट होने की आशंका है। अनहोनी की आशंका में खौफजदा हुए पड़ोसी जानसेनगंज बाजार स्थित जिस गोदाम में आग लगी, उसके ठीक बगल तीन मंजिला रिहायशी मकान है। इसमें तीन परिवार अलग-अलग तल पर रहते हैं। गोदाम से धुआं उठते देख लोगों ने शोर मचाया तो मकान में रहने वालों को घटना की जानकारी हुई। कुछ ही देर में गोदाम से आग की लपटें उठने लगी जिसे देख पड़ोस में रहने वाले खौफजदा हो गए।
हालांकि फायरब्रिगेड कर्मियों ने सूझबूझ का परिचय देते हुए पहले तीनों तल पर रहने वाले परिवारों को बाहर निकालकर मकान को खाली कराया और इसके बाद राहत कार्य शुरू किया। इसी मकान की छत पर पहुंचकर पहले गोदाम के बरामदे में लगी आग को बुझाया गया और फिर जान पर खेलते हुए बरामदे में पहुंचकर फायर ब्रिगेड कर्मचारियों ने गोदाम के भीतर लगी आग पर काबू पाया।