फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Prayagraj News ›   Gadar, subversion and ammunition in the showroom for cheap trains

सस्ती गाड़ियों के लिए शोरूम में गदर, तोड़फोड़-मारपीट

Sat, 01 Apr 2017 01:32 AM IST
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद Updated Sat, 01 Apr 2017 01:32 AM IST
विज्ञापन
Gadar, subversion and ammunition in the showroom for cheap trains
इलाहाबाद - फोटो : अमर उजाला ब्यूरो, इलाहाबाद
बीएस-3 वाहनों का स्टॉक खपाने के लिए कंपनियों की ओर से छूट की घोषणा के बाद लगातार दूसरे दिन शहर के तमाम बाइक शोरूमों में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। आलम यह रहा कि हीरो और होंडा बाइक के शोरूम खुलने के बाद ही संबंधित डीलरों को भीड़ की वजह से शोरूम के शटर गिराने पड़ गए। इसे लेकर दोपहिया वाहन खरीदने आए लोगों ने कई शोरूमों पर हंगामा किया। वाहन न मिलने से नाराज लोगों ने सिविल लाइंस कानपुर रोड स्थित एक शोरूम पर पथराव कर दिया। यहां भगदड़ जैसी स्थिति बन गई। पुलिस के आने के बाद ही वहां किसी तरह से स्थिति सामान्य हो सकी। तमाम शोरूम में दिन भर अफरा तफरी की स्थिति रही।
विज्ञापन


तमाम कंपनियों द्वारा हजारों की छूट दिए जाने के एलान के बाद बृहस्पतिवार के मुकाबले शुक्रवार को शहर के तमाम शोरूम में लोगों की कुछ ज्यादा ही भीड़ उमड़ी। सुबह 11 बजे के आसपास कानपुर रोड स्थित श्री ग्रैंड होंडा शोरूम के बाहर काफी भीड़ लगी थी। यहां शोरूम का शटर गिरा तो काफी संख्या में लोग अंदर घुस गए। हर किसी की यही चाह रही कि उसे किसी तरह से छूट वाले वाहन मिल जाए। अत्यधिक भीड़ होने की वजह से शोरूम कर्मचारी भी समझ नहीं पा रहे थे कि वे क्या करे। इस बीच किसी ने अफवाह उड़ा दी कि कुछ कर्मचारी अपने परिचितों को ही छूट का लाभ देने का प्रयास कर रहे है। बस फिर क्या। वहां भीड़ ने हंगामा शुरू कर दिया। थोड़ी ही देर में वहां तोड़फोड़ शुरू कर दी गई। शोरूम गेट पर लगा शीशा चकनाचूर हो गया।
विज्ञापन


इस आपाधापी में शोरूम कर्मचारियों ने शटर गिरा दिया। काफी संख्या में ग्राहक एवं कर्मचारी वहां अंदर ही रह गए। पुलिस के आने के बाद ही यहां शटर खोला जा सका। शोरूम में बंद राजापुर के वेद प्रकाश ने बताया कि सुबह उन्हें टोकन दिया गया था, लेकिन यहां भीड़ की वजह से वाहन की डिलीवरी नहीं की गई। यहां शोरूम मैनेजर कुलदीप पांडेय ने बताया कि उनके पास दो पहिया वाहनों का स्टॉक था लेकिन भीड़ ज्यादा होने से असुविधा हुई। भीड़ में ही शामिल कुछ लोगों ने तोड़फोड़ की। उधर राजापुर स्थित हीरो के शोरूम के सामने हंगामा हुआ। यहां लोगों का कहना था कि जब दोपहिया वाहनों का स्टॉक नहीं था तो भारी छूट देने का प्रचार क्यों किया गया। शिव चरण लाल रोड, कीडगंज में भी दो पहिया वाहन के शोरूम पर लोगों ने हंगामा किया।
विज्ञापन
विज्ञापन


बीएस-3 वाहनों पर भारी छूट का लाभ लेने के लिए सुबह से शहर के तमाम दो पहिया वाहन बेचने वाले शोरूम के बाहर लोगों की कतार लग गई। कुछ शोरूम में भीड़ को नियंत्रित करने के लिए टोकन भी बांटे गए, लेकिन शोरूम खुलने के बाद सारे प्रयास बेमानी हो गए। सरदार पटेल मार्ग स्थित कान्हा मोटर्स शोरूम सुबह खुला तो सही लेकिन ज्यादा स्टॉक न होने की वजह से वहां शटर गिरा दिया गया। यहां काफी भीड़ रही, लेकिन शटर गिर जाने के बार सभी मायूस हो गए। एसपी मार्ग स्थित जीपी होंडा शोरूम में भी सुबह से ही लोगों की खासी भीड़ जमा हो गई। यहां शोरूम खुलने के चंद मिनट बाद ही स्टॉक खत्म होने की सूचना चस्पा कर दी गई। यहां बजाज के युनाइटेड शो रूम में भी भीड़ का जबर्दस्त दबाव रहा। शोरूम के प्रोपराइटर ऋषि गुलाटी ने बताया कि आज दिन भर में 200 बाइक बिकी। हालांकि भीड़ की वजह से कई बार शोरूम का शटर भी गिराना पड़ा। टीवीएस ग्रीनलैंड के अनिल खेत्रपाल ने बताया कि ज्यूपीटर में 12500 की छूट दी गई। आज काफी संख्या में स्कूटी और बाइक की बिक्री हुई।

बीएस-3 वाहनों में छूट मिलने की वजह से बृहस्पतिवार और शुक्रवार को इलाहाबाद जिले में तमाम शोरूमों में धनतेरस जैसा माहौल रहा। अधिकांश ग्राहक कैश लेकर ही शोरूम तक पहुंचे। हालांकि तमाम शोरूम में स्टॉक खत्म हो जाने की वजह से शुक्रवार को बृहस्पतिवार के मुकाबले कम बिक्री हुई। आरटीओ कार्यालय के आंकड़ों पर गौर करें तो रात आठ बजे तक यहां दो दिन में बिके तीन हजार वाहनों का रजिस्ट्रेशन हो चुका था। इसमें ढाई हजार के आसपास दो पहिया वाहन ही रहे, जबकि चार पहिया एवं अन्य कामार्शियल वाहनों की संख्या तकरीबन 500 रही। एआरटीओ प्रशासन एके सिंह ने इसकी पुष्टि की है। उन्होंने बताया कि फाइनल आंकड़े शनिवार को ही आ सकेंगे। तभी मालूम पड़ेगा कि कितने दो पहिया और कितने चार पहिया वाहनों का रजिस्ट्रेशन 30 और 31 मार्च को हुआ।
शहर के तमाम शोरूम में दो पहिया वाहनों का स्टॉक खत्म हो जाने की वजह से काफी संख्या में लोग गंगापार और यमुनापार की तरफ भागे। जेब में हजारों रुपये लेकर ग्रामीण क्षेत्रों के अधिकांश शोरूमों में दोपहर तक ही स्टॉक खत्म हो गया था। लंबा चक्कर काटने के बाद भी ढेरों लोग के हाथ निराशा आई। साउथ मलाका के प्रवीण शुक्ला ने बताया कि वह मेजा रोड तक चले गए थे, लेकिन निराशा ही हाथ आई। उधर वाहनों में हजारों की छूट मिलने की खबर के 48 घंटे के भीतर झूंसी और हनुमानगंज के दो पहिया वाहनों के शोरूम से काफी संख्या में वाहन देखते ही देखते बिक गए। आधी रात तक शोरूम के कर्मचारी बेंची गई गाड़ियों के कागजी कार्रवाई में जुटे रहे। अंदावा स्थित होंडा शोरूम के संचालक सचिन यादव ने बताया कि 48 घंटे के भीतर 280 वाहन बेचे गए।


दो दिन पहले दो पहिया वाहन खरीदने का मलाल
बीएस-3 वाहनों में छूट मिलने का सबसे ज्यादा मलाल उन लोगों को रहा जिन्होंने अभी हाल ही में दो पहिया वाहन खरीदे थे। राजरूपपुर के विजय उपाध्याय ने तीन दिन पहले ही होंडा की एक बाइक खरीदी थी। उन्होंने बताया कि उन्होंने 76 हजार में बाइक ली थी, लेकिन अब इसी बाइक में 20 हजार तक की छूट लोगों को मिल गई। कीडगंज के गोपाल जी ने भी 29 को एक स्कूटी खरीदी थी, लेकिन अगले ही दिन उस स्कूटी की खरीद पर भारी छूट दी गई।

वाहनों में इस तरह से मिली छूट
होंडा शाइन : 20 हजार तक
होंडा एक्टिवा : 15 हजार तक
होंडा नवी : 20 हजार तक
होंडा सीबीआर : 25 हजार तक
बजाज विक्रांत : 10 हजार तक
डिस्कवर 125 सीसी : 09 हजार तक
पल्सर : 10 हजार तक
हीरो मैक्सो: 12500 तक
हीरो डॉन : 05 हजार तक
टीवीएस ज्यूपीटर : 12500 तक
टीवीएस स्टार : 05 हजार तक
विज्ञापन
विज्ञापन
सबसे विश्वसनीय Hindi News वेबसाइट अमर उजाला पर पढ़ें हर राज्य और शहर से जुड़ी क्राइम समाचार की
ब्रेकिंग अपडेट।
 
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें अमर उजाला हिंदी न्यूज़ APP अपने मोबाइल पर।
Amar Ujala Android Hindi News APP Amar Ujala iOS Hindi News APP
विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed