धूमनगंज से अगवा छात्रा की गुड़गांव में मौत
धूमनगंज में गयासुद्दीनपुर के लालजी की बेटी खुशबू (20) सीएमपी डिग्री कॉलेज में बीए की छात्रा थी। वह 11 जनवरी को घर से कुछ दूर स्थित कोचिंग के लिए निकली थी। इसके बाद लौटक र घर नहीं पहुंची। काफी खोजबीन के बाद भी छात्रा नहीं मिली तो घरवालों ने मंझनपुर के जीतेंद्र पर बेटी के अपहरण का आरोप लगाते हुए तहरीर दी। धूमनगंज पुलिस मुकदमा लिखकर छात्रा के बरामदगी में लगी थी। सोमवार को गुड़गांव पुलिस ने धूमनगंज पुलिस को सूचना दी कि खुशबू का शव फांसी के फंदे पर लटकता मिला है।
उसने कमरे में खुदकुशी कर ली है। तब धूमनगंज पुलिस ने खुशबू के परिजनों को उसकी मौत की सूचना दी। बेटी की मौत से दु:खी परिजन गुड़गांव के लिए रवाना हो गए। पूछताछ के दौरान आसपास के लोगों ने गुड़गांव पुलिस को बताया था कि दोनों लगभग छह माह से किराए पर रह रहे थे। सीओ सिविल लाइंस आलोक मिश्र ने बताया कि गुड़गांव पुलिस के मुताबिक छात्रा ने फांसी लगाकर खुदकुशी की है। जीतेंद्र को पकड़ लिया गया है। उसे लाने के लिए पुलिस टीम भेजी जा रही है। उसके खिलाफ धूमनगंज थाने में अपहरण का मुकदमा दर्ज है।