Mahakumbh : कम रोशनी में भी होगा विमानों का आवागमन, नागर विमानन मंत्री बोले- कैट टू लाइट कर दी गई है एक्टिव
महाकुंभ में इस बार कम दृश्यता पर भी विमानों का आवागमन हो सकेगा। प्रयागराज से कई शहरों के लिए सीधी विमान सेवा भी शुरू होगी। महाकुंभ से जुड़े जो काम प्रयागराज एयरपोर्ट पर चल रहे हैं, वह माह के अंत तक पूरे हो जाएंगे।
विस्तार
महाकुंभ में इस बार कम दृश्यता पर भी विमानों का आवागमन हो सकेगा। प्रयागराज से कई शहरों के लिए सीधी विमान सेवा भी शुरू होगी। महाकुंभ से जुड़े जो काम प्रयागराज एयरपोर्ट पर चल रहे हैं, वह माह के अंत तक पूरे हो जाएंगे। शनिवार को यह बातें नागरिक उड्डयन मंत्री किंजरापू राममोहन नायडू ने कहीं।
एयरपोर्ट के विस्तारीकरण कार्य का जायजा लेने पहुंचे उड्डयन मंत्री ने कहा कि उत्तर भारत में सर्दी के दौरान कोहरा पड़ता है। जिससे विमानों का संचालन प्रभावित होता है। महाकुंभ में कम दृश्यता पर विमानों का आवागमन हो सके, इसके लिए यहां कैट-टू लाइट एक्टिवेट कर दी गई है। महाकुंभ के दौरान देश के तमाम राज्यों से यहां श्रद्धालु आएंगे। इसी वजह से सभी विमानन कंपनियों से कहा गया है कि वह ज्यादा से ज्यादा शहरों के लिए विमान सेवा शुरू करें। इसके लिए मंत्रालय भी पूरा प्रयास कर रहा है।
उड्डयन मंत्री ने कहा कि वह आंध्र प्रदेश के हैं। वहां से भी महाकुंभ में काफी लोग आएंगे। कुछ दक्षिण भारतीय लोगों को उत्तर भारत में भाषा की दिक्कत आती है। राज्य सरकार इसके लिए आई हेल्प यू काउंटर खोल रही है। एयरपोर्ट के अंदर भी आई हेल्प यू काउंटर खोलने की बात राज्य सरकार की ओर से कही गई है। मंत्री ने कहा कि यात्री चाहे ट्रेन से आए या विमान से उन्हें हर सुविधा दी जाएगी।
एयरपोर्ट के नए टर्मिनल भवन का किया निरीक्षण
इसके पूर्व एयरपोर्ट में बनाए जा रहे नए टर्मिनल भवन का नागरिक उड्डयन मंत्री ने निरीक्षण किया। उनके साथ नागरिक उड्डयन मंत्रालय के सचिव वी. वुलनाम, भारतीय विमानपत्तन प्राधिकरण के चेयरमैन विपिन कुमार, एएआई के सदस्य (योजना) अनिल कुमार गुप्ता भी रहे। इस दौरान परियोजना से जुड़े अफसरों ने बताया कि एयरपोर्ट में निर्माण कार्य का दो चरण पूरा हो गया है। तीसरे चरण का काम चल रहा है। मंत्री को बताया गया कि एयरपोर्ट में विमानों के पार्किंग वे की सुविधा को चार से बढ़ाकर 15 कर दिया गया है। इसके अलावा वर्तमान टर्मिनल भवन की यात्री क्षमता 350 से बढ़कर 850 हो गई है। साथ ही कार पार्किंग की क्षमता 200 से बढ़ाकर 400 कार की हो गई है।
रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.
