असद का एनकाउंटर : कोर्ट रूम में बेटे की मौत की खबर सुनकर कांपा माफिया, लड़खड़ाए कदम
एनकाउंटर में बेेटे असद के मारे जाने की खबर सुनने के बाद कोर्ट में मौजूद माफिया अतीक अहमद कांप उठा। उसके कदम लड़खड़ा गए और वह बेेंच पर बैठ गया। आंखें भर आईं और फिर काफी देर तक वह कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं रहा।
विस्तार
एनकाउंटर में बेेटे असद के मारे जाने की खबर सुनने के बाद कोर्ट में मौजूद माफिया अतीक अहमद कांप उठा। उसके कदम लड़खड़ा गए और वह बेेंच पर बैठ गया। आंखें भर आईं और फिर काफी देर तक वह कुछ बोल पाने की स्थिति में नहीं रहा।
दोपहर के करीब एक बज रहे थे। सीजेएम कोर्ट में उमेश पाल हत्याकांड में माफिया अतीक अहमद व अशरफ की कस्टडी रिमांड अर्जी पर सुनवाई चल रही थी। इसी दौरान कोर्ट परिसर में शोर मचा कि मुख्य शूटर असद और गुलाम का एनकाउंटर हो गया है। जैसे ही यह खबर अतीक के कानों में पड़ी, वह कांप उठा। उसके कदम लड़खड़ा गए और वह पास ही पड़ी लकड़ी की बेंच पर बैठ गया। पास खड़े भाई अशरफ ने संभालने की कोशिश की तो उसकी आंखें भर आईं।
काफी देर तक वह जमीन पर निहारते हुए चुपचाप बैठा रहा।प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, बेटे के एनकाउंटर की खबर ने उसे भीतर से तोड़कर रख दिया था। यही वजह है कि न्यायिक हिरासत में भेजने के आदेश के बाद जब पुलिस उसे लेकर कोर्टरूम से बाहर निकली, तो उसके पांव भी उसका साथ नहीं दे रहे थे। हालांकि माहौल को देखते हुए सुरक्षा में लगे पुलिसकर्मियों ने उसे तेज कदमों से चलने को कहा और फिर वह प्रिजन वैन तक पहुंचा।
प्रिजन वैन में भी पोंछता रहा आंसू
कोर्ट रूम से अतीक के निकलने के बाद भारी शोरशराबा हो रहा था। इसके बावजूद अतीक के चेहरे पर किसी तरह के भाव नहीं थे। सुरक्षा के चलते प्रिजन वैन को कलेक्ट्रेट परिसर में खड़ा करवाया गया था। कोर्ट परिसर से निकलकर प्रिजन वैन तक पहुंचने तक अतीक की स्थिति वैसी ही रही। हालांकि प्रिजन वैन के भीतर पहुंचते ही उसकी आंखें डबडबा गईं। उसने अपने आंसू रोकने की भी कोशिश की लेकिन उनका बहना बंद नहीं हुआ।
अवाक था अशरफ, कुछ देर के लिए बंद कर लीं आंखें
उधर भतीजे के एनकाउंटर की खबर सुनने के बाद अतीक का भाई अशरफ अवाक रह गया। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि जैसे ही उसने यह खबर सुनी, कुछ देर के लिए अपनी आंखें बंद कर लीं। फिर कुछ पल तक वह आंखें बंद किए चुपचाप खड़ा रहा। थोड़ी देर बाद आंखें खोलीं और बेंच पर बैठे अतीक के बगल में जाकर बैठ गया। अतीक ने भरी आंखों से उसकी ओर देखा तो उसकी भी आंखें नम हो गईं।