फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
डाउनलोड करें

सब्सक्राइब करें
Hindi News ›   Uttar Pradesh ›   Aligarh News ›   They were running after robbing, the woman was collecting jewelry from the ground

वो लूटकर भाग रहे थे, महिला जमीन से जेवर बटोर रही थी

Sun, 13 Sep 2020 01:54 AM IST
Aligarh Bureau अलीगढ़ ब्यूरो
Updated Sun, 13 Sep 2020 01:54 AM IST
विज्ञापन
They were running after robbing, the woman was collecting jewelry from the ground
ज्वैलर सुंदर वर्मा से जानकारी करते एडीजी अजय आनंद। - फोटो : CITY OFFICE
अभिषेक शर्मा
विज्ञापन

महानगर के सारसौल इलाके में ज्वेलरी शोरूम से 35 लाख की लूट की जांच में जुटी पुलिस टीमों को अब तक की जांच में कई चौंकाने वाले सुराग हाथ लगे हैं। इनमें सबसे खास बात है कि घटना के वक्त दुकान में मौजूद तीन ग्राहकों में से एक पुरुष ग्राहक पेशेवर लुटेरा है, जो अपने गिरवी जेवर छुड़ाने के लिए पहुंचा था। हालांकि ज्वेलर ने उसे पुलिस के सामने क्लीन चिट दे दी है, मगर पुलिस अभी उससे पूछताछ में जुटी है। दूसरी सबसे खास बात है कि लुटेरों के भागते समय दुकान पर मौजूद महिला ग्राहक ने जमीन पर पड़े जेवरों को बटोरकर कर अपने कपड़ों में छुपा लिया था। हालांकि बाद में सीसीटीवी देखने पर पुलिस ने उन्हें वापस करा दिया।
पुलिस जांच में सामने आया कि पुरुष ग्राहक विवेक मूल रूप से खैर क्षेत्र का है और बन्नादेवी इलाके में ही रहता है। वह पेशेवर लुटेरा है। पूर्व में देहली गेट से लूट की घटना में जेल गया था। हालांकि ज्वेलर ने यह कहकर उसे क्लीन चिट दी कि पुराने ताल्लुकात हैं, मगर जांच में पता चला कि वह अपने गिरवी जेवर छुड़ाने आया था। पुलिस ने उसे पूछताछ के लिए बिठा रखा है। ग्राहक दंपती नगला कलार के ही रहने वाले हैं। वह भी पुराने ग्राहक हैं। बदमाशों के भागते समय कुछ जेवर जमीन पर गिर पड़े थे, उन्हें महिला ने बटोरकर अपने कपड़ों में छुपाया था। यह सीन सीसीटीवी में कैद हुआ तो पुलिस ने उन्हें बुला लिया। पहले तो महिला ने जेवर बटोरने की बात नकार दी। मगर जब सख्ती से और सीसीटीवी के जरिये बताई तो महिला चुपचाप उन्हें वापस कर गई। दुकान का नौकर भी इसी इलाके का है और काफी पुराना है।
विज्ञापन

तमंचे अंटी में देखते ही भाग छूटा था ज्वेलर
पुलिस जांच व सीसीटीवी में देखने में आया कि जैसे ही तीनों बदमाश अंदर घुसे और हाथ सैनिटाइज करने लगे, तभी सुंदर वर्मा उठकर पीछे के दरवाजे पर चल दिए। इस पर सुंदर वर्मा ने बताया कि सीसीटीवी में उसने देखा कि बाइक सवार तीनों बदमाश पहले सारसौल की तरफ गए हैं और तीन-चार मिनट बाद वापस दुकान की ओर आए हैं। दुकान में अंदर घुसते समय उसे उनकी अंटी में तमंचे लगे होने का आभास हुआ। इस पर वह भांप गया और वह पीछे के दरवाजे से छत पर चढ़कर शोर मचाने लगे। उन्हें उम्मीद थी कि दरवाजे से पब्लिक बदमाशों को घेर लेगी, मगर बदमाश 30 सेकंड ही रुके और बाहर हथियार लहराते हुए निकले, इसलिए ज्यादा वक्त नहीं लग पाया।
विज्ञापन
विज्ञापन

बीमा है तो क्या मैंने ही लुटवा दिया अपना शोरूम
पुलिस जांच में यह तथ्य भी सामने आया है कि इस ज्वेलरी शोरूम का बीमा भी है। जब वहां कुछ लोगों ने सुंदर वर्मा से यह सवाल उछाला कि आपकी दुकान का तो बीमा भी है। इस सवाल पर चिड़चिड़ाते हुए सुंदर ने जवाब दिया कि आपके कहने का क्या मतलब है कि मैंने ही खुद अपनी दुकान लुटवा दी है? बाद में लोगों ने सांत्वना देकर सुंदर को शांत किया।
जेल से लेकर खैर तक पुलिस ने छानी खाक
इस घटना के खुलासे में जुटी पुलिस टीमों ने शुक्रवार से लेकर शनिवार शाम तक 50 से अधिक सीसीटीवी फुटेज खंगाले हैं। अब तक की जांच में यह पता चला है कि बदमाश गोमती गार्डन से लेकर नादा पुल के बीच में कहीं किसी कट से निकल गए हैं। बदमाश नादा पुल पर नहीं पहुंचे हैं। इस बीच में कई रास्ते ऐसे हैं जो शहर के अंदर और खैर रोड पर निकलते हैं। पुलिस की जांच में सामने आया है कि बदमाश शहर के नहीं हैं। दूसरा बदमाश बहुत ज्यादा पुराने और बिल्कुल नए भी नहीं हैं। खैर से होने का ज्यादा अनुमान है। खबर यह भी मिली है कि इस हुलिया के कुछ बदमाश हाल ही में जेल से छूटे हैं। इसे लेकर पुलिस की एक टीम खैर में सुराग तलाश रही है। वहीं एक टीम ने एसपी क्राइम के नेतृत्व में जेल पहुंचकर भी जानकारी जुटाए। हाल ही में छूटे बदमाशों के साथ के बदमाशों से उनके हुलिया मिलान से लेकर उनके विषय में अन्य जानकारियां भी जुटाईं। कुल मिलाकर पुलिस हर पहलू पर गंभीरता और बारीकी से जुटी हुई है।
मेडिकल बोर्ड में शामिल लोगों के चेहरे भी मिलाए गए
बदमाशों की कद-काठी, बाल कटने के तरीके से एक सवाल यह भी खड़ा हुआ कि बदमाश कहीं पुलिस मेडिकल में शामिल होने तो नहीं आए थे। इसे लेकर एक टीम ने पुलिस लाइन के मेडिकल बोर्ड कक्ष के अंदर व बाहर लगे सीसीटीवी भी चेक किए और वहां से बदमाशों के हुलिया का मिलान किया।

निलंबन के बाद थाने की टीम जांच से अलग
इस लूटकांड के लिए इंस्पेक्टर बन्नादेवी को जवाबदेह बनाकर निलंबित किए जाने के बाद से जांच टीम से थाना पुलिस को अलग कर दिया गया है। एसपी सिटी व एसपी क्राइम के नेतृत्व में एसओजी, सर्विलांस के अलावा इंस्पेक्टर क्वार्सी छोटेलाल व एसओ जवां अभय कुमार आदि की टीमें काम कर रही हैं।
--अब तक की खोज--
-सीसीटीवी में कैद बदमाशों के हुलिया के आधार पर पहचान के प्रयास
-खैर क्षेत्र से मिल रहा बदमाशों का सुराग, शिनाख्त में जुटी हुई हैं टीमें
-इस हुलिया से मिलते जुलते कुछ बदमाश हाल ही में जेल से भी छूटे हैं
-एसपी क्राइम के नेतृत्व में एक टीम ने जेल जाकर भी जुटाया है ब्यौरा
--सीसीटीवी में ये मिला--
-घटना के दौरान मौजूद एक ग्राहक निकला पेशेवर लुटेरा, वो हिरासत में
-महिला ग्राहक ने बदमाशों के भागते समय जमीन से बटोर लिए जेवरात
-सीसीटीवी में कैद होने पर पुलिस ने वे जेवरात बुलाकर वापस करा दिए
-घटना से पहले पांच मिनट दुकान के बाहर इधर उधर भी टहले थे लुटेरे
विज्ञापन
विज्ञापन

रहें हर खबर से अपडेट, डाउनलोड करें Android Hindi News App, iOS Hindi News App और Amarujala Hindi News APP अपने मोबाइल पे|
Get all India News in Hindi related to live update of politics, sports, entertainment, technology and education etc. Stay updated with us for all breaking news from India News and more news in Hindi.

विज्ञापन
विज्ञापन
विज्ञापन

एड फ्री अनुभव के लिए अमर उजाला प्रीमियम सब्सक्राइब करें

Next Article

AU ऐप में पढ़ें

Followed