प्रदेश सरकार के मंत्री व जिले के प्रभारी मंत्री सुरेश राणा ने सुरेंद्र नगर स्थित महाराणा प्रताप पार्क की दुर्दशा पर नाराजगी जताई। साथ ही पार्क में घटिया कार्य कराने वाले अधिकारियों के खिलाफ कार्रवाई के निर्देश नगर आयुक्त प्रेमरंजन को दिए।
मंत्री को एमएलसी डॉ. मानवेंद्र प्रताप सिंह व शहर विधायक संजीव राजा ने पार्क का निरीक्षण कराया।
इसके बाद सुरेश राणा ने महाराणा प्रताप की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर सुंदरीकरण कराने के लिए कहा। अखिल भारतीय क्षत्रिय महासभा ने प्रभारी मंत्री को क्षत्रिय महासभा का पटका पहनाकर व गदा देकर सम्मानित किया। प्रदेश महासचिव डॉ. राजेश चौहान ने पार्क में बिजली के खंभे पड़े होने की शिकायत की, जिससे बुजुर्गों को टहलने में दिक्कत होती है। डॉ. नृसिंह पाल सिंह ने पार्क के बीच में मात्र 50 मीटर की दूरी पर नगर निगम द्वारा बोरिंग करने की शिकायत की। मंत्री ने समस्याओं के समाधान का आश्वासन दिया। इस अवसर पर क्षेत्रीय पार्षद मनोज शर्मा, अनिल सेंगर, मुकेश शर्मा, जिलाध्यक्ष डॉ. शैलेंद्र पाल सिंह, गोपाल सिंह, डॉ. रक्षपाल सिंह, राजकुमार सिंह चौहान, विवेक चौहान, संदीप चौहान, पप्पू सिंह, सुरेंद्र प्रताप सिंह, वीरेश प्रधान, गोविंद सिंह, राजेश सिंह आदि मौजूद रहे।