राजा महेंद्र प्रताप सिंह राज्य विश्वविद्यालय (आरएमपीयू) के छात्रों ने 33 फीसदी सीट बढ़ाने के लिए कुलपति को ज्ञापन सौंपा। जिस पर किसी भी तरह का आश्वासन देने के स्थान पर उन्होंने वही ज्ञापन छात्रों पर फेंक दिया। इससे छात्र गुस्से में आ गए और कुलपति के खिलाफ जमकर नारेबाजी की े। यह भी आरोप है कि कर्मचारियों ने उनसे अभद्रता भी की।
महाविद्यालयों में प्रवेश प्रक्रिया पूर्ण होने की ओर है। वर्तमान सत्र में सैकड़ों ऐसे विद्यार्थी हैं, जो प्रवेश से वंचित रह गए हैं। वह रोजाना महाविद्यालयों के चक्कर लगा रहे हैं। प्रवेश से वंचित विद्यार्थियों को राहत देने के लिए विगत वर्षों में आगरा विश्वविद्यालय द्वारा अलीगढ़ जनपद के प्रमुख चार महाविद्यालयों में 33 फीसदी सीट बढ़ाकर विद्यार्थियों को प्रवेश मिलता रहा है। विद्यार्थी परिषद महानगर के कार्यकर्ता महानगर मंत्री अंकुर शर्मा ने बताया कि कुलपति ने कार्यकर्ताओं को धमकाया। कहा, इस बार सीट नहीं बढ़ाऊंगा आप लोगों को प्रवेश लेना है, तो वित्तविहीन महाविद्यालयों में लो इतना कहते हुए अभाविप कार्यकर्ताओं के हाथ में लगा ज्ञापन छीन कर फेंक दिया। इससे गुस्साए कार्यकर्ताओं ने कुलपति कार्यालय में जमकर नारेबाजी की। हंगामे की सूचना पर थाना सिविल लाइन इंचार्ज प्रवेश राणा एक प्लाटून पीएसी के साथ मौके पर पहुंचे और वह भी कुलपति के कहने पर कार्यकर्ताओं को धमकाने लगे। वापस आकर कार्यकर्ताओं ने अचल ताल में बैठक की और पुतला फूंकने का निर्णय लिया। इस सूचना पर सीओ द्वितीय थाना गांधी पार्क, थाना बन्ना देवी व थाना सिविल लाइन की फोर्स के साथ मौके पर पहुंच गए।कार्यकर्ता जब पुतला दहन करने लगे तो पहले से मौजूद पुलिस ने पुतला छीनने का प्रयास किया। इस अवसर पर छात्रा खुशी सिंह, प्रांत खेल आयाम संयोजक करण आर्य आदि ने विचार व्यक्त किए। इस बारे में मंगलवार से एक प्रतिनिधिमंडल डीएम से मिलेगा।