Aligarh News: चुनाव से पहले पकड़ी तमंचा फैक्टरी, बेल्डिंग कारखाने की आड़ में चल रही थी, संचालक गिरफ्तार
निकाय चुनाव से पहले यहां बड़े पैमाने पर तमंचे बनाए जा रहे थे। ये हथियार चुनाव में माहौल बिगाड़ने में प्रयोग किए जाते। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस फैक्टरी में गोंडा का युवक सप्लायर का काम करता था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
विस्तार
अलीगढ़ महानगर के सासनी गेट इलाके के कृष्णा विहार गली नंबर-छह के एक मकान में बेल्डिंग कारखाने की आड़ में तमंचा बनाने की फैक्टरी पकड़ी गई है। गुरुग्राम पुलिस के इनपुट पर मंगलवार देर रात सासनी गेट पुलिस ने निकाय चुनाव से ऐन पहले इस फैक्टरी पर छापा मार संचालक को गिरफ्तार किया।
निकाय चुनाव से पहले यहां बड़े पैमाने पर तमंचे बनाए जा रहे थे। ये हथियार चुनाव में माहौल बिगाड़ने में प्रयोग किए जाते। इसे ध्यान में रखते हुए पुलिस ने बड़ी सफलता हासिल की है। इस फैक्टरी में गोंडा का युवक सप्लायर का काम करता था, जिसकी पुलिस तलाश कर रही है।
एसपी सिटी कुलदीप सिंह गुणावत के अनुसार पिछले दिनों सासनी गेट के महेंद्र नगर के रवि को गुरुग्राम पुलिस ने अवैध तमंचों सहित गिरफ्तार किया। उससे पूछताछ में इस फैक्टरी की जानकारी मिली। रवि ने बताया कि वो वहीं से तमंचे लेकर आता है और हरियाणा में सप्लाई देता है। गुरुग्राम पुलिस के इस इनपुट पर रात में सासनी गेट पुलिस ने मूल रूप से जलेसर एटा के गोथवा के नरेंद्र शर्मा कृष्णा विहार गली नंबर-6 स्थित मकान में छापा मारा। इस घर में बेल्डिंग कारखाना संचालित होता है।
यहां मजदूरी पर बेल्डिंग का काम किया जाता है। इसकी आड़ में तमंचे बनाए जा रहे थे। छापे के दौरान पुलिस ने मौके से तमंचा बनाने की सामग्री, अर्धनिर्मित तमंचे बरामद कर संचालक नरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया। उसने स्वीकारा कि वह पिछले तीन माह से इस धंधे में है। तैयार माल की सप्लाई गोंडा नूरपुर के मुकेश के जरिये देता है। मुकेश ही उसे ऑर्डर लाकर देता है।
उसने स्वीकारा कि वह 3000 से लेकर 3500 रुपये में एक तमंचा बेचता था। प्रतिमाह में 30 से 40 तमंचों की सप्लाई हो जाती थी। स्वीकारा कि निकाय चुनाव को लेकर अच्छी डिमांड आ रही थी। इसलिए माल तैयार किया जा रहा था। गुरुग्राम में पकड़ा गया रवि बाहर के जिलों व प्रांतों में सप्लाई देने जाता था। एसपी सिटी ने बताया कि नरेंद्र को जेल भेजा गया है और मुकेश की तलाश जारी है।
यह हुआ बरामद
बैरल 315 बोर की 16 कसी हुई बैरल पार्ट, .32 बोर की 11 कसी हुई बैरल पार्ट, 50 बैरल से जुडऩे वाला पार्ट 315 बोर, 4 बैरल से जुडऩे वाला पार्ट 32 बोर, 3 सड़ासी, प्लास, कटर, आरी, पेचकस, हथौड़ा, कारतूस,स्प्रिंग, गन पाउडर, 3 तमंचे चालू हालात में बरामद हुए हैं।