Aligarh: कमिश्नर कार्यालय से फर्जी आदेश पत्र जारी करने पर न्याय सहायक गिरफ्तार, मुकदमा दर्ज
जांच में फर्जीवाड़ा सामने आने के बाद न्याय सहायक नवीन जैन को कमिश्नर कार्यालय से हटाकर उनके मूल तैनाती स्थल अतरौली भेज दिया गया था। 6 सितंबर को पुलिस ने उसे अतरौली से गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया।
विस्तार
अलीगढ़ मंडलायुक्त कार्यालय से आयुक्त के नाम पर फर्जी आदेश पत्र जारी करने के आरोपी न्याय सहायक नवीन जैन पर मुकदमा दर्ज कर गिरफ्तार कर लिया गया है। नवीन के खिलाफ हुई विभागीय जांच के आधार पर 6 सितंबर सुबह क्वार्सी थाने में मुकदमा दर्ज कराया गया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया। जहां से जेल भेज दिया गया।
नवीन जैन पर आरोप है कि उन्होंने थाना बन्ना देवी के सारसौल इलाके की 1260 वर्ग गज जमीन पर कब्जे से जुड़े एक मामले में जिला प्रशासन और पुलिस के लिए कमिश्नर कार्यालय से एक फर्जी आदेश पत्र जारी किया था। अपर आयुक्त ने जांच कराई, जिसमें वह पत्र फर्जी पाया गया। नवीन को कमिश्नर कार्यालय से हटाकर उनके मूल तैनाती स्थल अतरौली भेज दिया गया था।
मामले में मंडलायुक्त कार्यालय के प्रशासनिक अधिकारी संजय गौड़ ने क्वार्सी में मुकदमा दर्ज कराया। सीओ तृतीय सर्वम सिंह ने मुकदमा दर्ज कर आरोपी को जेल भेजने की पुष्टि करते हुए बताया कि अब जांच व आयुक्त कार्यालय से मिले साक्ष्यों के आधार पर आगे कार्रवाई की जाएगी।
एक नहीं कई फर्जी पत्र जारी किए नवीन ने
मुकदमे में अपर आयुक्त की जांच रिपोर्ट का हवाला देते हुए संजय गौड़ ने नवीन जैन पर कई पत्र जारी करने का आरोप लगाया है। आरोप है कि नवीन ने बन्नादेवी के भूखंड पर कब्जे से जुड़े मामले में मंडलायुक्त की ओर से पत्र जारी किया।
इसके अलावा एक पत्र हाथरस के डीएम एसपी को भी जारी किया गया। इसमें एसपी अभिसूचना आगरा के पत्र का हवाला देते हुए सासनी तहसील से संबंधित प्रकरण में निर्देशित किया गया है। इस पर मंडलायुक्त के डिजिटल हस्ताक्षर हैं। इसके अलावा एक पत्र पवन कुमार तिवारी एटा के संदर्भ में भी उनके द्वारा जारी किया गया है। जांच रिपोर्ट में उल्लेख है कि न्याय सहायक ने पद व कार्यालय का दुरुपयोग कर यह फर्जी आदेश पत्र जारी किए हैं। नवीन ने अपना पक्ष रखते हुए कार्यालय में काम के दबाव व जल्दबाजी में भूल होना स्वीकारा है। हालांकि, जांच अधिकारी ने इस तर्क को अस्वीकार कर दिया।
पहले भी दो बार जेल गए नवीन
नगर पालिका अतरौली के लिपिक नवीन जैन का सेवाकाल विवादों में रहा है। अब से पहले भी दो बार वे जेल जा चुके हैं। 2017 में उन पर नगर पालिका में 45 लाख रुपये की पत्रावली के गबन के संबंध में मुकदमा दर्ज कराया गया था। इसके बाद 2021 में बुलंदशहर शिकारपुर में नवीन पर एक मुकदमा रोजगार दिलाने के नाम पर रुपये ऐंठने का दर्ज हुआ। इसमें वे जेल गए। 2021-22 में अतरौली में रोजगार के नाम पर रुपये लेने के मामले में भी वह जेल में गए थे।