अलीगढ़ में खड़ी कार का प्रयागराज में कट गया चालान, जुर्माना सुनकर दंग रह जाएंगे आप
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
इन दिनों वाहनों के चालान के हैरान करने वाले मामले सामने आ रहे हैं। ताजा मामला उत्तर प्रदेश का है जहां अलीगढ़ में घर में खड़ी कार का चालान प्रयागराज में कटने की खबर लोगों के बीच चर्चा का विषय बनी हुई है। गुरुवार को उत्तर प्रदेश सहकारी संघ के निदेशक नरेंद्र पचौरी के मित्र ने उनकी गाड़ी का नंबर एम परिवहन पर डालकर देखा तो आखें फटी रह गईं।
उन्हें पता चला कि नरेंद्र पचौरी की अलीगढ़ स्थित घर में खड़ी कार का 10 महीने पहले प्रगायराज में चालान हो गया है। चालान पर जुर्माने का शुल्क 100 रुपये लिखा हुआ है। पचौरी ने इस मामले की शिकायत ट्विटर के माध्यम से प्रदेश के डीजीपी, परिवहन विभाग सहित परिवहन मंत्री से की है।
बन्नादेवी थाना क्षेत्र के आईटीआई इलाके स्थित रामनगर कालोनी में नरेंद्र पचौरी का आवास है। उन्होंने बताया कि गुरुवार को वह किसी काम से मलखान सिंह जिला अस्पताल गए थे। वहां मिले एक मित्र ने गाड़ियों के चालान कटने की बात करते हुए उनकी गाड़ी का नंबर एम परिवहन एप पर डालकर देखा तो वह दंग रह गए। उसमें 100 रुपया जुर्माना शुल्क नजर आया, जिसे लगाने के पीछे का कारण भी स्पष्ट नहीं था।
इससे भी ज्यादा हैरत की बात यह रही कि गाड़ी का चालान प्रयागराज में होना दिखाया जा रहा है, जबकि वह कभी गाड़ी लेकर प्रयागराज गए ही नहीं हैं। नरेंद्र पचौरी ने बताया कि आरटीओ विभाग से संपर्क किया गया तो उन्होंने सर्वर डाउन होने की बात कहते हुए चालान की स्थिति देखने से इंकार कर दिया। इसलिए उन्होंने इस प्रकरण की शिकायत ट्विटर के माध्यम से प्रदेश के डीजीपी, परिवहन विभाग सहित परिवहन मंत्री से की है। नरेंद्र पचौरी के अनुसार चालान की राशि बड़ी नहीं है, लेकिन इसके पीछे प्रदेश पुलिस की लापरवाह कार्यशैली नजर आ रही है। इसमें बदलाव की जरूरत है, इसीलिए उन्होंने कदम उठाया है।