तारिक की तबियत बिगड़ने की खबरों के बीच मची रही अफरातफरी, क्या-क्या हुआ
नागरिकता संशोधन कानून के विरोध के क्रम में हो रहे घटनाक्रमों के बीच मो. तारिक के स्वास्थ्य की अफवाह और उस पर हमले के आरोपी भाजपा नेता विनय वार्ष्णेय की गिरफ्तारी के बाद से उपजे तनाव के हालात शुक्रवार को भी बरकरार रहे। हालांकि, जबरदस्त तनाव के बीच जुमे का दिन तो अमन से बीत गया। इस दौरान ऊपरकोट जामा मस्जिद व जमालपुर ईदगाह में जुमे की नमाज तनाव के बीच हुई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
बाबरी मंडी के मिश्रित बाजार को छोड़ दें तो चारों ओर बाजार पूरी तरह खुले और चहल-पहल भी रही। इस दौरान पुराने शहर में दिन भर सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम रहे। मगर शाम को जैसे ही तारिक की हालत ज्यादा बिगड़ने की खबरें बाबरी मंडी सहित शहर के अन्य इलाकों में पहुंचीं तो तनाव बढ़ गया। बाबरी मंडी में अफरा-तफरी के आलम के बीच समय से पहले बाजार बंद हो गए। विनय व तारिक के घरों पर लोगों की आवाजाही बढ़ गई। इसे देखते हुए वहां सुरक्षा इंतजाम और ज्यादा सख्त कर दिए गए।
15 दिसंबर को सीएए का विरोध कर रहे विद्यार्थियों का एएमयू परिसर में पुलिस फोर्स के साथ संघर्ष हो गया था। इसके बाद से शहर में लगातार हालात तनावपूर्ण बने हुए हैं। 23 फरवरी को ऊपरकोट पर उपद्रव के बाद हालात और ज्यादा तनावपूर्ण बने हुए हैं। उसके बाद से लगातार हर जुमे को सुरक्षा फोर्स बढ़ा दी जाती है। इसी कड़ी में शुक्रवार को जुमे की नमाज कड़ी सुरक्षा व्यवस्था के बीच पढ़ी गई। हालांकि, लोगों में तारिक को लेकर बेचैनी थी। एक ढकेल वाले से एक व्यक्ति ने माहौल ठीक न होने का हवाला देते हुए चार बजे यहां से चले जाने को कहा। नमाज मुकम्मल होने के बाद लोगों ने खरीदारी की। ऊपरकोट का बाजार गुलजार रहा।
खुफिया एजेंसी पल पल की जानकारी अपने उच्चाधिकारियों को दे रही थी। दिन में बाबरी मंडी में तारिक के घर व विनय वार्ष्णेय के घर अच्छा खासा फोर्स तैनात रहा। इलाके में मिश्रित बाजार को छोड़कर बाकी जगहों पर दुकानें खुल गईं। ऊपरकोट पर एडीएम सिटी राकेश मालपानी, एसपी सिटी अभिषेक, सिटी मजिस्ट्रेट विनीत सिंह, सीओ विशाल पांडेय, जमालपुर में एसीएम रंजीत सिंह व सीओ तृतीय अनिल समानिया आदि फोर्स के साथ पूरे समय मौजूद रहे। इधर, देर शाम तारिक को लेकर यह खबर आई कि उसकी हालत ज्यादा बिगड़ गई है और डॉक्टर भी अब हाथ खड़े कर रहे हैं। इसके बाद इलाके में तनाव ज्यादा बढ़ गया। देर रात तक हालात बहुत ज्यादा तनावपूर्ण हो गए।
विनय से मुलाकात करने पहुंचे परिजन और समर्थक
विनय वार्ष्णेय को एटा जेल शिफ्ट किए जाने के कारण शुक्रवार को उसके परिवार से जुड़े तमाम लोग और काफी संख्या में समर्थक कई गाड़ियों से उससे मिलने एटा जिला कारागार पहुंचे। जहां विनय का हालचाल जाना। साथ में वहां से लौटने के बाद उसकी कुशलक्षेम से परिवार को अवगत कराया। इसके लिए बाकायदा कुछ लोगों की नियमित ड्यूटी लगाई गई है कि शिफ्ट में लोग उससे मिलने एटा जाएंगे।
एएमयू-ऊपरकोट उपद्रव को लेकर एसआईटी ने मांगे साक्ष्य
15 दिसंबर को एएमयू और 23 फरवरी को ऊपरकोट पर हुए उपद्रव को लेकर एसआईटी ने अपनी जांच तेज कर दी है। इन घटनाओं के संबंध में दर्ज मुकदमों की जांच कर रही एसआईटी के पर्यवेक्षण अधिकारी एसपी क्राइम डॉ.अरविंद कुमार ने लोगों से साक्ष्य मांगे हैं। उन्होंने इस संबंध में जारी बयान में कहा है कि अगर किसी के पास कोई साक्ष्य, वीडियो, फोटो, ऑडियो आदि हो तो वह उन्हें उनके मोबाइल नंबर 9454402810 और जीमेल आईडी spcrimealigarh1@gmail.com पर भेज सकते हैं। उन्होंने कहा है कि सूचना देने वाले का नाम व पहचान गुप्त रखी जाएगी।
शाहजमाल : धरनास्थल पर महिलाओं ने पढ़ी नमाज
नागरिकता संशोधन कानून, एनआरसी, एनपीआर के विरोध में शाहजमाल ईदगाह के सामने महिलाओं को 47वें दिन भी धरना जारी रहा। महिलाओं ने धरना स्थल पर नमाज पढ़ी। सुबह महिलाओं की भीड़ कम रही। जुमे की नमाज के बाद महिलाओं की संख्या बढ़ गई, जो देर शाम तक बढ़ती गई। धरना स्थल पर सुरक्षा के कड़े बंदोबस्त किए गए थे।
घटनास्थल पर मौजूद था विनय
विनय वार्ष्णेय की गिरफ्तारी के समय उससे उसका लाइसेंसी पिस्टल बरामद हुआ है। उसे पुलिस ने दाखिल कर लिया है। हालांकि गिरफ्तारी प्रपत्र में अभी तक यही उल्लेख किया गया है कि तारिक को गोली मारे जाने की घटना के वक्त विनय वहां मौजूद था। गोली किस हथियार से चली और किसने चलाई। यह जांच का हिस्सा है। इसके लिए हथियार विनय का हथियार व जांच में सामने आने वाला अन्य हथियार बैलेस्टिक जांच के लिए जाएगा। फिलहाल, इतना जरूर है कि विनय का लाइसेंस खतरे में पड़ गया है। पुलिस रिपोर्ट के आधार पर इसे निरस्त भी किया जा सकता है।

उपरकोट जामा मस्जिद पर जुमे की नमाज अदा करते लोग।- फोटो : CITY OFFICE