Aligarh: एएमयू अराजक और हिंसक तत्वों का 'अभयारण्य', बनाने का जिम्मेदार कौन
एएमयू में लगातार हो रही हिंसक घटनाओं, यहां तक कि कुछ तत्वों के आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की बातों की अनदेखी नहीं की जा सकती है। शुतुरमर्गी रवैया अख्तियार करके एएमयू इंतजामिया अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकता। तालीम के इस अजीम इदारे पर बदनुमा दाग लगाने वाली घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई न करने से कई सवाल उठने लगे हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आज की पीढ़ी को शायद ही इस बात का इल्म हो कि अहिंसा के पुजारी महात्मा गांधी का एएमयू से प्रत्यक्ष रूप से जुड़ाव था। 29 अक्तूबर 1920 को महात्मा गांधी को एएमयू छात्रसंघ की मानद आजीवन सदस्यता दी गई थी। जिस विश्वविद्यालय ने अहिंसा के सबसे बड़े पैरोकार की तीन-तीन बार मेजबानी की हो, उसमें गुंडई और हिंसा की बार-बार घटनाएं हों तो यह इंतजामिया के लिए चिंता का विषय होना चाहिए। सवाल यह भी है कि आखिर वे कौन लोग हैं जो एएमयू जैसे आलमी तालीमी इदारे को अराजक और हिंसक तत्वों का अभयारण्य बना रहे हैं।
एएमयू में लगातार हो रही हिंसक घटनाओं, यहां तक कि कुछ तत्वों के आतंकी गतिविधियों में शामिल होने की बातों की अनदेखी नहीं की जा सकती है। शुतुरमर्गी रवैया अख्तियार करके एएमयू इंतजामिया अपनी जिम्मेदारियों से नहीं बच सकता। तालीम के इस अजीम इदारे पर बदनुमा दाग लगाने वाली घटनाओं पर त्वरित कार्रवाई न करने से कई सवाल उठने लगे हैं।
एएमयू छात्र फैजान के खतरनाक आतंकी संगठन से संबंध होने पर देश की चोटी की जांच एंजेसी एनआईए ने एफआईआर दर्ज की और उसे गिरफ्तार भी कर लिया। उससे कई संगीन खुलासे भी हो रहे हैं। इंतजामिया है कि आरोपी छात्र के खिलाफ कोई कार्रवाई करने के बजाय हाथ पर हाथ धरे बैठा है। विश्वविद्यालय जैसी स्वायत्त संस्था को किसका इंतजार है। कौन आदेश देगा, कौन कहेगा कि आप आतंकी गतिविधियों में लिप्त पाए जाने के आरोपी छात्र पर कार्रवाई करें। इसका मतलब साफ है कि इंतजामिया अपना काम सही ढंग से नहीं कर रहा है।
एएमयू में बाहरी लोग घुस कर उसे सुरक्षित शरण स्थली की तरह उपयोग कर रहे हैं । शायद इन अराजक और बाहरी लोगों से गंभीर छात्र भी परेशान हों, लेकिन इंतजामिया की पेशानी पर कोई बल नहीं है। आपका निगरानी तंत्र कितना लचर है, इसी बात से पता चलता है कि बाहरी लोग आते हैं। किसी को बंधक बनाकर विश्वविद्यालय परिसर में लाते हैं। बेल्ट से पीटते हैं। मानवीय गरिमा को तार-तार करते हुए जूते से नाक रगड़वाई जाती है। और आरोपी खरामा-खरामा आराम से चला जाता है। पीटने वाला शख्स मुस्लिम, पीड़ित युवक हिंदू। इंतजामिया का रवैया लचर है। ऐसे में इंतजामिया पर इस तालीम की नगरी को सांप्रदायिकता की आग में झोंकने का इल्जाम लगे तो अचरज की बात नहीं। ऐसे में बाहरी लोगों को भी अपनी मजहबी दुकान चलाने का पूरा मौका मिल रहा है।
बृहस्पतिवार को दो समुदायों के छात्रों का आमने-सामने आना बेहद चिंता का विषय है। उन छात्रों को भी क्या कहिए जो सिर्फ मजहब के नाम पर हिंसक तत्वों की हिमायत में आ जाते हैं। साफ है कि एएमयू सुलग रहा है। इंतजामिया का ढीला रवैया जारी रहा तो माहौल बिगाड़ने में देरी नहीं लगेगी।
एएमयू में अहिंसा के पुजारी बापू ने तीन बार (1916, 1920 और 1929 में) दौरा किया था। बापू के एएमयू में हिंसा और अराजकता न सिर्फ चिंताजनक है बल्कि शर्मनाक भी है। अगर एएमयू इंतजामिया हाथ पर हाथ धरे बैठा है तो स्थानीय पुलिस प्रशासन की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वह अपना निगरानी तंत्र मजबूत रखे और समय रहते कठोर कार्रवाई करे। समय रहते एहतियाती कदम नहीं उठाए गए और स्थिति हाथ से निकलेगी तो फिर लकीर पीटने के अलावा कुछ नहीं किया जा सकता।