मंडलायुक्त जीएस प्रियदर्शी ने कहा कि चौपाल ट्यूशन से परिषदीय विद्यालयों के विद्यार्थियों को पढ़ाने का इंतजाम कर सकते हैं, क्योंकि उनके अभिभावकों के पास इतने पैसे नहीं होते हैं कि वह ऑनलाइन पढ़ाई करा सकें। इस बारे में शिक्षकों को सोचना चाहिए।
बृहस्पतिवार को कंपोजिट स्कूल देव सैनी, लोधा में नि:शुल्क स्वेटर वितरण कार्यक्रम मेरी उड़ान प्रतियोगिता के विजेताओं को पुरस्कृत करने के बाद मंडलायुक्त ने कहा कि स्वेटर वितरण व अन्य लाभप्रद योजनाओं में किसी भी प्रकार की अनियमितता न की जाए और बच्चों को इसका शत-प्रतिशत लाभ उपलब्ध कराया जाए। अगर अपने देश को आगे ले जाना है, तो हमें ईमानदारी बरतनी होगी। सहायक शिक्षा निदेशक बेसिक डॉ. पूरन सिंह ने कहा कि सभी शिक्षक बहुत अच्छा काम कर रहे हैं। कोरोना काल में ऑनलाइन शिक्षा के माध्यम से बच्चों को पढ़ाने का प्रयास कर रहे हैं। इस अवसर पर कार्यक्रम संयोजक बीएसए डॉ. लक्ष्मीकांत पांडेय, प्रधानाध्यापक मसूद आलम, मेरी उड़ान प्रभारी संजीव शर्मा, उत्तर प्रदेशीय प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला मंत्री मुकेश कुमार सिंह आदि मौजूद रहे।