फिरोजाबाद: गृहक्लेश से तंग आकर महिला ने लगाई नहर में छलांग, तलाश में जुटे गोताखोर
महिला अपने पति और बच्चों के साथ पैदल जा रही थी। तभी उसने कुशियारी नहर पुल से नहर में छलांग लगा दी। मंगलवार शाम तक उसका पता नहीं चल सका था।
विस्तार
फिरोजाबाद के जसराना थाना क्षेत्र के गांव कुशियारी निवासी महिला ने सोमवार देर शाम गृहक्लेश से तंग आकर नहर में छलांग लगा ली। मौके पर ग्रामीणों की भीड़ लग गई। पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। ग्रामीणों की मदद से गोताखोर महिला को तलाशने का प्रयास कर रहे हैं। मायके पक्ष के लोगों ने ससुराल वालों पर महिला को मारने-पीटने का आरोप लगाया है।
थाना जसराना के गांव कुशियारी निवासी पिंटू की पत्नी बबली (28) अपने पति एवं बच्चे के साथ पैदल जसराना आ रही थी, तभी अचानक उसने कुशियारी नहर पुल से नहर में छलांग लगा दी। नहर में छलांग लगाने पर पति द्वारा चीखने चिल्लाने पर मौजूद युवकों ने नहर में तलाशा, लेकिन महिला नहीं मिली।
मंगलवार को सुबह घटना की जानकारी होने पर महिला के मायके पक्ष के लोग भी पहुंच गए और ससुरालियों पर मारपीट करने का आरोप लगाते हुए हंगामा कर दिया। थाना जसराना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने ग्रामीणों एवं गोताखोरों की मदद से महिला को तलाशने का प्रयास कर रही है।
मायका पक्ष ने लगाया यह आरोप
जनपद मैनपुरी के गांव अलीपुर केशवपुर निवासी महिला के पिता पप्पू ने बताया कि उसने बबली की शादी 12 वर्ष पूर्व पिंटू के साथ की थी। आरोप है कि ससुराली महिला के साथ आए दिन मारपीट करते हैं।
सोमवार को भी उसके साथ मारपीट की गई है जिसके कारण ही उसने नहर में छलांग लगा ली। कोतवाल फतेह बहादुर सिंह भदौरिया ने कहा महिला के नहर में छलांग लगाने की सूचना पर महिला की नहर में तलाश की जा रही है। गोताखोरों को लगाने के साथ ग्रामीणों की भी मदद ली जा रही है।