मैनपुरी: जिला अस्पताल में प्रसव के बाद महिला की मौत, परिजनों ने किया हंगामा, उपचार में लापरवाही का आरोप
गर्भवती महिला को प्रसव के लिए बुधवार की सुबह जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उसने बच्ची को जन्म दिया। गुरुवार की सुबह महिला की तबियत बिगड़ गई और उसकी मौत हो गई।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी के सौ शैया अस्पताल में भर्ती एक महिला की प्रसव के बाद मौत हो गई। महिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप है कि महिला के उपचार के दौरान अस्पताल में लापरवाही की गई, जिसके चलते उसकी मौत हुई है।
थाना कोतवाली क्षेत्र के गांव ललूपुर निवासी संजू ने अपनी 35 वर्षीय पत्नी उर्मिला को सौ शैया अस्पताल में प्रसव के लिए भर्ती कराया था। बुधवार की सुबह उर्मिला ने अस्पताल में बच्ची को जन्म दिया। बृहस्पतिवार की सुबह सात बजे जिला अस्पताल में भर्ती उर्मिला की मौत हो गई।
ड्रिप लगाने के बाद डॉक्टर देखने नहीं आए
उर्मिला की मौत के बाद परिजनों ने अस्पताल में हंगामा कर दिया। परिजनों का आरोप था कि उर्मिला की मौत उपचार में लापरवाही के दौरान हुई। उर्मिला के पति का कहना था कि ड्रिप चढ़ाने के बाद उर्मिला को कोई डॉक्टर देखने नहीं आया। यदि डॉक्टर उपचार देता तो उर्मिला की मौत नहीं होती।
प्रसूता के साथ आई महिलाओं का आरोप था कि प्रसव के दौरान भी स्टाफ और डॉक्टर ने लापरवाही की है जिसके चलते उर्मिला की मौत हुई है। जिला अस्पताल में करीब एक घंटे तक परिजनों ने महिला की मौत के बाद हंगामा किया। अस्पताल प्रशासन ने शव वाहन से महिला का शव उसके घर भिजवा दिया।
दो घंटे बाद निकाली गई प्लेसेंटा
महिलाओं का कहना था कि उर्मिला के प्रसव के दौरान डॉक्टर और स्टाफ ने लापरवाही की। प्रसव कराने के बाद उर्मिला की प्लेसेंटा (गर्भ नाल) की तरफ ध्यान नहीं दिया गया। सात अन्य प्रसव कराने के बाद उर्मिला की प्लेसेंटा निकाली गई। जिसके चलते उर्मिला की हालत बिगड़ी। ड्रिप लगाने के बाद उर्मिला को कोई उपचार नहीं दिया गया।
चार बच्चों की आखिर कौन करेगा परवरिश
उर्मिला की मौत के बाद बच्चों के सिर से मां का साया उठ गया। उर्मिला के चार बच्चे हैं। पहला बेटा 10 साल का है। उससे छोटी बेटी सात और उससे छोटा बेटा चार साल का है। इसके बाद बुधवार को पैदा हुई एक दिन की बच्ची है। उर्मिला की मौत के बाद चारो बच्चों की देखभाल पर भी संकट खड़ा हो गया है।
सीएमओ डॉ. पीपी सिंह ने बताया कि महिला की मौत के बारे में जानकारी नहीं है। सीएमएस से पूरे मामले की जानकारी जुटाई जाएगी। जांच कराई जाएगी। यदि अस्पताल में लापरवाही बरती गई है तो संबंधितों के विरुद्ध कार्रवाई होगी।