आगरा में फिर फटी पाइप लाइन: इन इलाकों में आज भी जल संकट, दो दिन से परेशान हो रहे 80 हजार लोग
जीवनीमंडी वाटरवर्क्स से जुड़े काला महल, बेलनगंज, जीवनीमंडी, भैरों बाजार, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, मंटोला, छीपीटोला, बिजलीघर, पीपलमंडी, रावतपाड़ा, दरेसी, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, काजीपाड़ा समेत पुराने शहर में पानी का संकट रहेगा।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के जीवनीमंडी वाटरवर्क्स से पुराने शहर को पानी की आपूर्ति करने वाली 28 इंच की पाइपलाइन 26 जनवरी को लीक हो गई थी। शनिवार को इसकी मरम्मत का काम शुरू हुआ जो रविवार दोपहर को पूरा हुआ। जलकल विभाग ने जैसे ही पानी छोड़ा तो चंद मिनटों में ही पाइपलाइन दोबारा फट गई और पानी बेहद तेज रफ्तार से सड़क पर फैलने लगा।
इससे पेट्रोल पंप के सामने जलभराव हो गया और पानी सड़क पर वाटरवर्क्स के गेट से आगे तक भर गया। जलकल विभाग ने सप्लाई बंद की और रविवार शाम को फिर से मरम्मत का काम शुरू कराया गया। इस वजह से सोमवार को भी पुराने शहर के 80 हजार से ज्यादा लोगों को पानी का संकट झेलना होगा।
इन इलाकों में रहेगा पानी का संकट
शनिवार दोपहर को मरम्मत का काम शुरू होने के बाद से ही पुराने शहर की आपूर्ति बंद है। जीवनीमंडी वाटरवर्क्स से जुड़े काला महल, बेलनगंज, जीवनीमंडी, भैरों बाजार, छत्ता बाजार, कचहरी घाट, मंटोला, छीपीटोला, बिजलीघर, पीपलमंडी, रावतपाड़ा, दरेसी, जौहरी बाजार, किनारी बाजार, काजीपाड़ा समेत पुराने शहर को शनिवार शाम को पानी नहीं मिला। रविवार को भी दोनों समय जलापूर्ति नहीं हो पाई। मरम्मत के चलते सोमवार को भी पानी मिलने की उम्मीद नहीं है।
बदलनी पड़ सकती है पूरी लाइन
जलकल विभाग ने शनिवार को 28 इंच की लाइन की मरम्मत शुरू कराई थी जो रविवार दोपहर तक पूरी हो सकी। जैसे ही मोटरें चालू करके 28 इंच की लाइन में सप्लाई दी गई, वैसे ही पाइपलाइन फिर फट गई और पानी फैलने लगा।
दोबारा लीकेज की सूचना देकर जलकल की टीम को वापस बुला लिया गया। रविवार रात को मरम्मत का काम जारी रहा। जलकल विभाग के अधिकारियों के मुताबिक खोदाई के बाद पता चल सकेगा कि पाइपलाइन पूरी बदलनी है या ज्वाइंट से ही लीकेज हुआ है। इस वजह से सोमवार सुबह तो सप्लाई नहीं दी जा सकेगी।
आरोप : लापरवाही बरत रहा विभाग
पार्षद रवि बिहारी माथुर ने कहा कि लेड लगाए बिना जब पाइपलाइन जोड़ी जाएगी तो ऐसे ही लीकेज होते रहेंगे। जलकल विभाग मरम्मत में लापरवाही बरत रहा है, जिस वजह से पाइपलाइन बार-बार लीक हो रही हैं। रस्सी हटाकर जब तक लेड नहीं भरेंगे, तब तक समस्या बनी रहेगी।
काला महल निवासी आशीष सक्सेना ने कहा कि दो दिन हो गए, पानी नहीं आ रहा। हमारे क्षेत्र में न तो सबमर्सिबल पंप है और न ही पानी का टैंकर संकरी गलियों के अंदर आ पाता है। रविवार का इंतजार पूरे सप्ताह करते हैं कि कपड़ों की धुलाई समेत अन्य काम कर सकें, पर पूरे दिन पानी का ही इंतजार किया।
जरूरी काम भी नहीं हो पाए
पीपलमंडी के कमल गुप्ता ने कहा कि शनिवार को मरम्मत बताई गई थी लेकिन रविवार को सुबह पानी मिला न शाम को। रविवार को धूप भी अच्छी थी लेकिन घर के कोई काम न कर पाए। पानी न होने से सभी जरूरी काम रुक गए। अब फिर पूरे सप्ताह इंतजार करना होगा। यह पाइपलाइन बार-बार लीक होती है। इसका स्थायी निदान क्यों नहीं निकालते।
दलील : 100 साल पुरानी है लाइन
जलकल विभाग के सचिव एसके श्रीवास्तव ने कहा कि ये पाइपलाइन करीब 100 साल पुरानी है और जर्जर हो चुकी है। मरम्मत करने के बाद जैसे ही मोटरें चालू की गईं तो प्रेशर से पानी की लाइन फिर से फट गई है। मरम्मत का काम रविवार शाम को शुरू करा दिया गया है। सोमवार सुबह काला महल समेत इस लाइन से जुड़े क्षेत्रों में जलापूर्ति नहीं हो पाएगी। कोशिश होगी कि दोपहर तक मरम्मत पूरी करने के बाद आपूर्ति दे पाएं।
जलकल विभाग ने रविवार को फाउंड्रीनगर स्थित गोकुल नगर में पानी की लीक लाइन की मरम्मत कराई। अमर उजाला ने शनिवार के अंक में गोकुल नगर में पानी की लाइन 15 दिन से लीक होने की खबर प्रकाशित की थी, जिसके बाद जलकल विभाग के अधिकारियों ने टीम भेजकर काम शुरू कराया।
रविवार दोपहर को लीकेज ठीक कर दी गई। क्षेत्रीय नागरिक धर्मेंद्र राजपूत ने बताया कि लगातार शिकायतें कर रहे थे, पर 15 दिन से पानी बर्बाद हो रहा था। अमर उजाला को धन्यवाद जिसमें हमारी समस्या को उठाया।