Vrindavan Kumbh 2021: 16 फरवरी को आ सकते हैं मुख्यमंत्री योगी, देवरहा घाट का करेंगे शुभारंभ
तीर्थनगरी वृंदावन में होने वाली कुंभ मेला बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का आना तय माना जा रहा है। अधिकारी 16 फरवरी को मुख्यमंत्री द्वारा पताका फहराने जाने के साथ इस धार्मिक आयोजन की शुरुआत मानकर चल रहे हैं। इसे लेकर प्रशासन तैयारियों को पूरा करने में जुटा हुआ है।
प्राचीन परंपरा के अनुसार हरिद्वार कुंभ से पहले वृंदावन में कुंभ मेला बैठक का आयोजन होता रहा है। यह परंपरा इस बार भी भगवान श्रीराधाकृष्ण की लीला स्थली में निभाई जानी है। 16 फरवरी से शुरू होने वाले इस धार्मिक आयोजन की तैयारियां चल रही हैं। यहां देशभर से साधु-संत आएंगे।
संबंधित खबर- Kumbh Mela 2021: वृंदावन कुंभ मेले की सुरक्षा संभालेंगे 1625 पुलिसकर्मी, 175 सीसीटीवी कैमरों से होगी निगरानी
कुंभ मेला बैठक में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के आगमन का कार्यक्रम तय मानते हुए व्यवस्थाओं को अंजाम दिया जा रहा है। इसी को दृष्टिगत यहां तैयार हो रहे ब्रह्मऋषि देवरहा बाबा घाट भी तैयार कराया जा रहा है। इसका उद्घाटन मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ करेंगे।
प्रयागराज कुंभ की तर्ज पर वृंदावन कुंभ बैठक की तैयारियां हो रही हैं। मुख्यमंत्री के स्तर से इसकी समीक्षा की जा रही है। मेला अधिकारी उत्तर प्रदेश ब्रज तीर्थ विकास परिषद के सीईओ नगेंद्र प्रताप का कहना है कि मुख्यमंत्री वृंदावन कुंभ मेला बैठक का शुभारंभ संतों के साथ करेंगे। इसी संभावना को देखते हुए तैयारियां की जा रही हैं।
वृंदावन में होने वाले कुंभ मेले की सुरक्षा दो जोन और सात सेक्टरों में बांटी गई है। पुलिस लाइन के साथ दो थाने और 10 चौकियां भी बनाई गई हैं। पूरे कुंभ मेले की सुरक्षा 1625 सुरक्षाकर्मियों के कंधों पर होगी। जोन में एएसपी सेक्टरों की कमान सीओ संभालेंगे। यहां आने वाले संत और श्रद्धालु सीसीटीवी की नजर में रहेंगे। कंट्रोल रूम से मेला स्थल की हर गतिविधि पर नजरें रखी जाएंगी।
अपने शहर की खबरों से अपडेट रहने के लिए पढ़ते रहिए amarujala.com । अमर उजाला आगरा के फेसबुक पेज को लाइक और फॉलो करने के लिए यहां क्लिक कर सकते हैं।