मैनपुरी: बिजली कटौती से परेशान ग्रामीणों ने विद्युत सब स्टेशन पर लगाया ताला, जमकर किया हंगामा
भीषण गर्मी के बीच बिजली की अघोषित कटौती लोगों को परेशान कर रही है। 24 घंटे सप्लाई के दावों के बीच लोकल फाल्ट, कभी रोस्टिंग के नाम पर चार से छह घंटे की कटौती की जा रही है।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में लगातार हो रही बिजली कटौती से लोग परेशान हैं। बिजली कटौती से परेशान सहारा गांव के ग्रामीणों ने विद्युत सब स्टेशन हन्नूखेड़ा में ताला डालकर प्रदर्शन किया। ग्रामीणों ने बताया कि शहर की अपेक्षा ग्रामीण क्षेत्रों में हालात ज्यादा खराब हैं। बमुश्किल 15 घंटे ही बिजली आपूर्ति हो पा रही है।विद्युत सब स्टेशन हंगामे की जानकारी मिलने के बाद थाना पुलिस और विद्युत निगम के अधिकारी मौके पर पहुंच गए। उन्होंने ग्रामीणों को बिजली सप्लाई व्यवस्था में सुधार का आश्वासन देकर शांत कराया।
गर्मी में पारा बढ़ते ही शहर से लेकर देहात तक बिजली कटौती शुरू हो गई है। रात के समय फीडरों का लोड बढ़ने से फाल्ट हो रहे हैं। लोड बढ़ने की वजह विद्युतकर्मी बिजली चोरी मान रहे हैं। दिन और रात में किसी भी समय बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती है। जानकारी करने पर कर्मचारी लोकल फाल्ट होने की बात बताते हैं। कभी ट्रांसफार्मर में कमी तो कभी लाइन में फाल्ट आम बात हो चुकी है। बिजली कटौती से लोगों में आक्रोश बढ़ता जा रहा है। लोगों का कहना है कि विद्युत कर्मचारी फाल्ट सही करने में ज्यादा समय लगाते हैं। इससे लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ता है। कभी कभी तो अधिकारी फोन तक रिसीव नहीं करते हैं।
ये कहते हैं लोग
मोहल्ला मिश्राना निवासी मनोज चतुर्वेदी का कहना है कि पूरे शहर में बिजली आपूर्ति का बुरा हाल है। गर्मी में होने वाली अघोषित और अनियमित बिजली कटौती से लोगों को परेशानी हो रही है। रोस्टर के हिसाब से लोगों को बिजली नहीं मिल पा रही है। वहीं राधारमण रोड निवासी मनोज शर्मा ने बताया कि लोकल फाल्ट के नाम पर लोगों को सबसे ज्यादा परेशानी का सामना करना पड़ता है। समस्या तब होती है जब संबंधित कर्मचारी उपभोक्ताओं को जानकारी देने के लिए फोन ही रिसीव नहीं करते हैं।
रोस्टर के हिसाब से दे रहे बिजली
अधीक्षण अभियंता अतुल अग्रवाल का कहना है कि हर फीडर को रोस्टर के हिसाब से बिजली आपूर्ति करने के निर्देश दिए गए हैं। गर्मी में बिजली की खपत बढ़ जाती है। लोड बढ़ने पर फाल्ट होने की शिकायतें मिलती हैं। रात में बिजली चोरी से बढ़ने वाले लोड को रोकने के लिए विभाग अभियान चला रहा है।
कब कितनी बिजली मिली
फीडर 21 अप्रैल 22 अप्रैल 23 अप्रैल 24 अप्रैल
सिविल लाइन 20 घंटा 19 घंटा 20 घंटा 19 घंटा
पावर हाउस 19 घंटा 18 घंटा 19 घंटा 20 घंटा
करहल रोड 18 घंटा 20 घंटा 18 घंटा 18 घंटा
देवी रोड 18 घंटा 19 घंटा 18 घंटा 17 घंटा
ज्योंती रोड 19 घंटा 18 घंटा 19 घंटा 19 घंटा
नोट-फीडर के संबंधित इलाकों में मिली आपूर्ति