यूपी पंचायत चुनाव 2021: मैनपुरी जिले में नौ अधिकारियों के हवाले 549 ग्राम पंचायतों की कमान
- तकनीकी समस्या के चलते जिलाधिकारी ने बदला आदेश
- पूर्व में 28 अधिकारियों को दी गई थी प्रशासक की जिम्मेदारी
- 25 दिसंबर 2020 को समाप्त हो गया था प्रधानों का कार्यकाल
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में प्रधानों का कार्यकाल खत्म होने के बाद विभिन्न विभागों के 28 अधिकारियों को प्रशासक बनाया गया, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते ये आदेश अब बदलना पड़ा। अब विभिन्न विभागों के नौ सहायक विकास अधिकारियों को पंचायतों का प्रशासक बनाया गया है। जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
25 दिसंबर 2020 को जिले के प्रधानों का कार्यकाल समाप्त हो गया। चुनाव नहीं होने के कारण ग्राम पंचायतों में विकास कार्यों के संचालन के लिए 28 अधिकारियों को प्रशासक बनाया गया, लेकिन तकनीकी समस्या के चलते जिलाधिकारी महेंद्र बहादुर सिंह को आदेश बदलना पड़ा।
अब उन्होंने जिले के नौ ब्लॉकों की 549 ग्राम पंचायतों के लिए विभिन्न विभागों के नौ सहायक विकास अधिकारी(एडीओ) को कमान सौंपी है। मुख्य विकास अधिकारी (सीडीओ) ईशा प्रिया की संस्तुति के बाद जिलाधिकारी ने इस संबंध में आदेश जारी कर दिया है।
इससे पूर्व जारी आदेश में जिले के नौ ब्लॉकों की 549 ग्राम पंचायतों पर कुल 28 अधिकारी तैनात किए थे। प्रत्येक अधिकारी को औसतन विकास खंड की तीन-तीन न्याय पंचायतें दी गई थीं। इसमें विभिन्न विभागों के सहायक विकास अधिकारी के अलावा खंड शिक्षाधिकारी, अपर जिला सहकारी अधिकारी और अपर जिला पंचायत राज अधिकारी शामिल थे। 24 दिसंबर को जारी आदेश को अब निरस्त कर दिया गया है।
इसलिए बदलना पड़ा आदेश
पूर्व में तैनात 28 प्रशासकों में सहायक विकास अधिकारियों के अलावा खंड शिक्षाधिकारी और अपर जिला सहकारी अधिकारी भी शामिल थे। हालांकि ग्राम पंचायतों में भुगतान और अन्य कार्यों के लिए बने पोर्टल ई-ग्राम स्वराज में दूसरे विभागों के अधिकारियों के पद नहीं थे। ऐसे में डिजिटल भुगतान के लिए उनके डीएससी नहीं बन सके। इसके साथ ही ब्लॉक पर प्रशासक के लिए केवल एक डीएससी जारी की जानी थी। ऐसे में काफी प्रयास के बाद भी काम न बनने पर आदेश बदलना पड़ा।
ब्लॉक का नाम प्रशासक का नाम व पद
- मैनपुरी राजकमल मिश्रा, एडीओ आईएसबी
- बेवर प्रवीन कुमार मिश्रा, एडीओ आईएसबी
- करहल राजीव कुलश्रेष्ठ, एडीओ आईएसबी
- बरनाहल बाबूलाल गर्ग, एडीओ आईएसबी
- कुरावली प्रेमचंद्र बाथम, एडीओ पंचायत
- घिरोर अरुण कुमार, एडीओ पंचायत
- किशनी ओमप्रकाश तिवारी, एडीओ पंचायत
- सुल्तानगंज राजकुमार शर्मा, एडीओ आईएसबी
- जागीर विपिन कुशवाह, एडीओ आईएसबी
संबंधित ब्लॉक की सभी ग्राम पंचायतें प्रशासक के अधीन होंगी।
ये हैं आंकड़े
- जिले में नौ ब्लॉक हैं।
- 80 न्याय पंचायतें हैं।
- 549 ग्राम पंचायतें
- नौ एडीओ को बनाया गया प्रशासक
सीडीओ ईशा प्रिया ने बताया कि ई-ग्राम स्वराज पोर्टल पर एक ब्लॉक के लिए केवल एक ही डीएससी जारी हो सकता है। इसके चलते जिलाधिकारी ने पूर्व आदेश को संशोधित कर नौ ब्लॉकों के लिए नौ प्रशासक नियुक्त किए हैं। आदेश जारी कर दिया गया है।