Unlock-5: सिनेमा हॉल में एक सीट छोड़कर बैठेंगे दर्शक, इन नियमों का करना होगा पालन
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
आगरा में सभी सिनेमा हॉल, मल्टीप्लेक्स और थिएटर 15 अक्तूबर से खुलेंगे। टिकट खरीदते समय अब मोबाइल नंबर दर्ज कराना होगा। सिनेमा हॉल में आगे-पीछे और अगल-बगल की एक-एक सीट खाली रहेगी।
बराबर की एक सीट छोड़कर दर्शक बैठ सकेंगे। हॉल में 50 फीसदी सीटों पर जहां दर्शक नहीं बैठेंगे वहां निशान लगाए जाएंगे। मंगलवार को जिला प्रशासन ने इस गाइडलाइन के साथ सिनेमा हॉल शुरू करने की अनुमति दे दी है।
जिलाधिकारी प्रभु एन सिंह ने बताया कि ऑनलाइन टिकट बुकिंग को वरीयता मिलेगी। टिकट खिड़की पर नकद भुगतान नहीं होगा। यहां भी ऑनलाइन भुगतान ही लिया जाएगा।
टिकट खरीदते समय दर्शक को कॉन्टेक्ट ट्रेसिंग के लिए अपना मोबाइल नंबर और पता भी दर्ज कराना पड़ेगा। मास्क लगाना अनिवार्य होगा। प्रवेश और निकासी के समय लाइन में शारीरिक दूरी बनाकर दर्शक आ जा सकेंगे। इसके लिए टिकट खिड़की प्रवेश व निकासी द्वार पर सफेद रंग से गोले बनाए जाएंगे।
शौचालय में नहीं लगेगी भीड़
फिल्म के मध्यांतर में दर्शक शौचालय में भीड़ नहीं लगाएंगे। खान-पान की स्टॉल पर भी ऑनलाइन भुगतान ही मान्य होगा। नगद भुगतान नहीं किया जाएगा। मल्टीप्लेक्स व हॉल में अंदर सीट पर बैठकर भोजन व पेय पर प्रतिबंध रहेगा। पैक्ड फूड की अनुमति होगी।
हर शो के बाद होगा सैनिटाइजेशन
हर शो खत्म होने के बाद हॉल की सभी सीटों व परिसर को सैनिटाइज किया जाएगा। एसी का तापमान 26 से 30 डिग्री तय किया है। क्रॉस वेंटीलेशन के लिए हॉल में दरवाजे खुले रहेंगे।
मल्टीप्लैक्स व सिनेमा हॉल में कोरोना प्रोटोकॉल का उल्लंघन करने पर दर्शक व संचालक के विरुद्ध धारा 188 के तहत कार्रवाई की जाएगी। जुर्माना का प्रावधान होगा।
ये भी हैं निर्देश
बीमार, बच्चे, गर्भवती और बुजुर्गों को हॉल में प्रवेश नहीं मिलेगा
प्रतीक्षालय में दो व्यक्तियों में छह फीट दूरी जरूरी
फिल्म के दो शो के बीच में 30-45 मिनट का अंतर रखा जाएगा
सभी दर्शकों के मोबाइल में आरोग्य सेतु एप होनी चाहिए