केंद्रीय कृषि मंत्री ने चंबल नदी पर पुल निर्माण का किया शुभारंभ, कहा- यूपी-एमपी के विकास के रास्ते तैयार होंगे
- 90 करोड़ रुपये की लागत से बनेगा 700 मीटर लंबा और 12 मीटर चौड़ा पुल
- पुल बन जाने से यूपी-एमपी के विकास के रास्ते तैयार होंगे: नरेंद्र सिंह तोमर
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
केंद्रीय कृषि मंत्री नरेंद्र सिंह तोमर ने रविवार को आगरा जिले के पिनाहट क्षेत्र में बहने वाली चंबल नदी पर मध्य प्रदेश की सीमा में स्थित उसैद घाट पर पुल निर्माण के कार्य का भूमि पूजन कर शुभारंभ किया। उन्होंने कहा कि मध्य प्रदेश उत्तर प्रदेश को जोड़ने के लिए बनने जा रहे 700 मीटर लंबे और 12 मीटर चौड़े पुल से दोनों राज्यों के विकास के रास्ते तैयार होंगे। पुल की लागत करीब 90 करोड़ रुपये आएगी।
केंद्रीय कृषि मंत्री ने कहा कि इस पुल के निर्माण में अब तक कई कारणों से देरी हुई। पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी के द्वारा 32 वर्ष पूर्व किए गए शिलान्यास पर चुटकी भी ली। कहा कि देश का प्रधानमंत्री शिलान्यास करे और काम न हो। यह सबसे बड़ा आश्चर्यजनक है। उन्होंने कहा कि दो साल पहले भी पुल निर्माण का प्रयास किया गया था, लेकिन मध्य प्रदेश में सरकार बदल जाने से काम नहीं हो सका था।
नरेंद्र सिंह तोमर ने इसके लिए यूपी के पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह के प्रयासों की भी सराहना की। उन्होंने मुरैना को उन्नत कृषि से जुड़ने का आह्वान भी किया। केंद्रीय मंत्री ने कहा कि उन्नत खेती का लाभ छोटे किसानों को मिलेगा। सभी किसानों को नवीन तकनीकी से जोड़ने, गांव-गांव में प्रोसेसिंग पैकिंग और कृषि उत्पाद संगठन के माध्यम से जागरूक करने का काम किया जाएगा। पूर्व मंत्री अरिदमन सिंह ने कहा कि पुल बनने से दोनों प्रदेशों में विकास के आयाम स्थापित होंगे।
कार्यक्रम में जा रहे ब्लॉक प्रमुख को किया नजरबंद
उसैद घाट पर पुल निर्माण के लिए आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने जा रहे ब्लॉक प्रमुख पिनाहट सुग्रीव सिंह को पुलिस ने उनके आवास पर चार घंटे तक नजरबंद रखा। इस दौरान समर्थकों ने जमकर हंगामा और नारेबाजी की।
ब्लॉक प्रमुख सुग्रीव सिंह चौहान ने बताया कि दिन में 11 बजे उनके आवास पर सीओ बाह प्रदीप कुमार बाह और पिनाहट सर्किल की फोर्स के साथ आ गए। उन्हें बाहर जाने से रोक दिया। इससे गुस्साए उनके समर्थकों ने नंदगवां तिराहे पर जमा लगाने की भी कोशिश की। हालांकि पुलिस की मौजूदगी के कारण जाम नहीं लगाया जा सका।
ब्लॉक प्रमुख ने पूर्व मंत्री अरिदमन सिह पर आरोप लगाया कि उनके इशारे पर ही उन्हें पुलिस ने नजर बंद किया है। मुझे कृषि मंत्री के कार्यक्रम में जाने से रोका गया, जबकि उनके पास कार्यक्रम में पहुंचने का आमंत्रण था। वहीं सीओ बाह प्रदीप कुमार ने बताया कि पूर्व मंत्री के समर्थक और ब्लॉक प्रमुख के समर्थक आपस में न भिड़ जाए, इस कारण ब्लॉक प्रमुख को कार्यक्रम में जाने से रोका गया है।