मैनपुरी: सोशल मीडिया पर फर्जी आईडी बनाकर अश्लील हरकतें करने वाले दो युवक गिरफ्तार
पकड़े गए युवकों ने दूसरे के नाम से इंस्टाग्राम और फेसबुक पर फर्जी आईडी बनाई थी। इन आईडी से अश्लील पोस्ट की जा रही थीं।
विस्तार
मैनपुरी जनपद में साइबर सेल की टीम ने शनिवार को साइबर अपराध में लिप्त दो युवकों को गिरफ्तार किया। एक युवक इंस्टाग्राम पर फर्जी आईडी बनाकर एक युवक की शादी तोड़ने की कोशिश कर रहा था। दूसरा एक व्यक्ति को बदनाम कर रहा था। पुलिस ने दोनों आरोपियों को जेल भेज दिया है।
एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि शातिर युवक फर्जी आईडी बनाकर दो लोगों को परेशान कर रहे थे। किशनी के गांव मुकुटपुर निवासी हर्ष कुमार ने प्रार्थनापत्र देकर बताया था कि इंस्टाग्राम पर किसी ने उनकी फर्जी आईडी बनाई है। उसकी शादी तोड़ने के इरादे से अशोभनीय व अभद्र पोस्ट करते हुए टिप्पणी की जा रही हैं। जिसके चलते उसकी छवि खराब हो रही है।
फर्जी आईडी बनाकर डाले अश्लील फोटो
वहीं एक शिकायत कोतवाली क्षेत्र के जगरूपपुर निवासी सुरेंद्र राजपूत ने की थी। बताया कि कोई उनके नाम से फर्जी फेसबुक आईडी बनाकर अश्लील फोटो और वीडियो पोस्ट कर रहा है। समाज में छवि खराब हो रही है वहीं मानसिक रूप से परेशान हैं।
एसपी ने मामले की जांच स्वाट/साइबर सेल प्रभारी विक्रम सिंह को दी थी। टीम के एक्सपर्ट विजय सिंह, सरयू कुमार, गौरव कुमार, महिपाल सिंह, मनोज और जितेंद्र ने फेसबुक और इंस्टाग्राम से सूचनाओं का आदान-प्रदान किया।
इसके बाद शनिवार को टीम ने युवक की शादी तोड़ने की कोशिश करने वाले सुमित कुमार निवासी फकीरपुर थाना करहल और सुरेंद्र की फर्जी आईडी बनाकर अश्लील फोटो वीडियो पोस्ट करने वाले अंश प्रताप कश्यप निवासी बड़ी नगरिया कोतवाली को गिरफ्तार किया। दोनों ने साइबर अपराध को कबूल भी किया।