आगरा: हादसे में पार कर दिया कार सवार व्यापारी का आईफोन, रिक्शा चालक के पास मिला
- आगरा के संजय प्लेस में कार टकराने के दौरान व्यापारी का मोबाइल पार कर लिया गया। पुलिस में मोबाइल गुम होने की शिकायत की। मोबाइल रिकवरी सेल ने जांच की। मोबाइल एक ई-रिक्शा चालक से बरामद हुआ।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
न्यू आगरा की लॉयर्स कालोनी निवासी व्यापारी शैलेंद्र सिंह चार जून को संजय प्लेस में एक एटीएम से रुपये निकालने आए थे। रास्ते में कार की टक्कर हो गई। हादसे के बाद लोगों की भीड़ जुट गई। वो लोगों से बातचीत कर रहे थे। उनका किसी ने आईफोन पार कर लिया। आईफोन की कीमत तकरीबन 50 हजार रुपये थी।
उन्होंने एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद से शिकायत की। मोबाइल बरामदगी के लिए मोबाइल रिकवरी सेल को लगाया। आईफोन को एक ई-रिक्शा चालक चला रहा था। उसे पुलिस ने पकड़ लिया। उसने बताया कि आईफोन सड़क पर पड़ा मिला था। उसने एक दुकानदार को दिखाया था। उसने उसका लॉक खोल दिया। बाद में रिक्शा चालक को गलती का अहसास हुआ। पुलिस ने उसके खिलाफ कार्रवाई नहीं की।
इससे पहले एक और मामला ऐसा ही आया था। गांव मोहम्मदपुर, थाना निबोहरा निवासी चेतराम 31 दिसंबर 2019 को शमसाबाद मंडी आए थे। तभी उनका मोबाइल गुम हो गया। उन्होंने 15 दिन बाद कलक्ट्रेट आकर एसएसपी आफिस में शिकायती पत्र दिया।
उनके पास सिर्फ मोबाइल का नंबर था। रिकवरी सेल ने आईएमईआई नंबर पता किया। इसके बाद मोबाइल की लोकेशन मिल गई। यह सिकंदरा क्षेत्र के मजदूर के पास निकला। पुलिस ने पूछताछ की। उसने बताया कि लॉकडाउन के दौरान सड़क पर मोबाइल पड़ा मिला था।
सात महीने में बरामद किए 250 मोबाइल
पिछले सात महीने में 500 मोबाइल गुम या चोरी हो चुके हैं। इनमें से आधे ही पुलिस बरामद कर सकी है। बाकी कहां गए, यह किसी को नहीं पता? जिन लोगों से मोबाइल बरामद होते हैं, वह यही कहते हैं कि सड़क पर मिला तो किसी से खरीदा था।
कमला नगर निवासी विशाल वर्मा बीएसएसएन के एसडीओ हैं। उनकी पत्नी 14 फरवरी को प्रतापपुरा आईं थीं। यहां पर बस में बैठ रही थीं। तभी उनका मोबाइल गुम हो गया था। उन्होंने पुलिस से शिकायत की। मोबाइल की कीमत तकरीबन 18 हजार रुपये थी। पुलिस ने जांच की। मोबाइल बरामद हो गया।
मोबाइल को मैनपुरी के एक दंपती चला रहे थे। वो पुलिस के पास आकर मोबाइल दे गए। उन्होंने बताया कि एक ऑटो से कहीं जा रहे थे। तभी ऑटो चालक ने कहा कि वो काफी गरीब है। लॉकडाउन की वजह से काम नहीं मिल रहा है। परिवार का खर्च चलाना भी मुश्किल हो गया है। बिल और डिब्बा है। मोबाइल को बेचकर घर का खर्च चलाएंगे। दंपती ने 5200 रुपये में मोबाइल ले लिया। उन्हें नहीं पता था कि मोबाइल गुम हुआ है।
बिक रहे हैं मोबाइल के पार्ट्स
पुलिस की मोबाइल रिकवरी सेल का कहना है कि ज्यादातर मोबाइल में लॉक लगा होता है। इसे दुकानदार मैकेनिक खोल देते हैं। मगर, इसके लिए बिल और डिब्बा देखना आवश्यक है। मगर, कुछ दुकानदार अवैध रूप से यह काम कर रहे हैं। मोबाइल का लॉक खोलने के लिए पूरा मोबाइल रीसेट किया जाता है।
इससे कॉन्टेक्ट चले जाते हैं। सॉफ्टवेयर भी नया डाला जाता है। अधिकतर मोबाइल को चलाया नहीं जाता है। इस वजह से बरामद नहीं हो पाते हैं। कई बार चोरी गए मोबाइल को चोर दुकानदारों को बेचते हैं। वो मोबाइल को आन नहीं करते हैं। उनकी टचस्क्रीन, आईसी, कवर, स्पीकर आदि सामान को बेच देते हैं। इससे अच्छी कीमत मिल जाती है।
एसपी सिटी बोत्रे रोहन प्रमोद ने कहा कि गुम हुए मोबाइल बरामद करने के लिए रिकवरी सेल को लगाया गया है। अधिकतर मोबाइल बरामद किए जा चुके हैं। अब और मोबाइल भी बरामद किए जाएंगे। मोबाइल मिलने से लोगों को राहत मिलती है। कई लोगों ने सड़क पर मिले मोबाइल का प्रयोग शुरू कर दिया था।