Agra Railway: गर्मियों की छुट्टियों में घूमने का प्लान कर रहे हैं तो देख लें रेल आरक्षण की स्थिति, नहीं मिल रही टिकट
गर्मियों की छुट्टियों के साथ ही ट्रेनों में आरक्षित सीटों के लिए जद्दोजहद शुरू हो गई है। 15 जून तक ज्यादातर ट्रेनों में सीट नहीं मिल पा रही हैं। कई ट्रेनों में तो वेटिंग 108 से लेकर 175 तक जा रही है।
विस्तार
गर्मी की छुट्टी में ट्रेनों में आरक्षित सीटों के लिए मारामारी के हालात हैं। 15 जून तक लंबी दूरी की अधिकांश ट्रेनों में सीट नहीं होने के साथ वेटिंग 175 तक चली गई है। साप्ताहिक और ग्रीष्मकालीन स्पेशल ट्रेनों में भी सीट नहीं मिल पा रही।
ऑनलाइन टिकट व्यवस्था नहीं होने पर लोग रेलवे स्टेशन पर तत्काल कोटे की तलाश में पहुंच रहे हैं। यह एक दिन पहले ही निर्धारित होता है। खिड़की खुलने के एक घंटे के अंदर टिकट मिल गया तो ठीक वरना नहीं मिल पाता। आगरा रेल मंडल की वाणिज्य प्रबंधक प्रशस्ति श्रीवास्तव का कहना है कि जून में अकसर ही ट्रेनों में यह स्थिति रहती है। यात्रियों की सुविधा के लिए ग्रीष्मकालीन ट्रेन, अतिरिक्त कोच लगवाने जैसे उपाय किए जा रहे हैं।
ये है प्रमुख ट्रेनों में स्थिति
-कर्नाटका एक्सप्रेस में पांच जून को 2-एस में वेटिंग 44, स्लीपर में 104, थर्ड एसी में 58 व सेकेंड एसी में 29 है। यह स्थिति छह, सात, आठ, नौ, दस, 11, 12 जून तक है।
-मालवा एक्सप्रेस में पांच से 13 जून तक किसी श्रेणी में सीट रिक्त नहीं है। इसमें वेटिंग 10 से 50 तक है।
-तमिलनाडु एक्सप्रेस में 2-एस श्रेणी में 15 जून तक बुकिंग भी नहीं होगी। अन्य श्रेणियों में 12 जून तक 10 से 53 तक वेटिंग की स्थिति है।
-तेलंगाना एक्सप्रेस, पंजाब मेल, जयपुर प्रयागराज एक्सप्रेस में भी किसी श्रेणी में 12 जून तक आरक्षित सीट नहीं मिल पाएगी। इन गाड़ियों में रिगरेट और वेटिंग 175 तक जा पहुंची हैं।
-गोवा एक्सप्रेस, मंगला एक्सप्रेस, झेलम एक्सप्रेस में भी राहत नहीं है। इन ट्रेनों में वेटिंग 108 तक है।
इन ट्रेनों को सप्ताह में दो दिन किया
रेलवे ने बांद्रा टर्मिनस-इज्जतनगर को सप्ताह में एक दिन की जगह दो दिन किया गया है। 17 जून से प्रत्येक शुक्रवार व रविवार व इज्जतनगर से प्रत्येक शनिवार व सोमवार को चलाने की घोषणा की है। इसका आगरा फोर्ट स्टेशन पर ठहराव है। इसी तरह मुंबई सेंट्रल-काठगोदाम साप्ताहिक को भी सप्ताह में दो दिन चलाया जाएगा। इसका ठहराव अछनेरा जंक्शन पर है।