जब थाने पहुंचकर एसएसपी ने लगाई इंस्पेक्टर की क्लास, किया लाइन हाजिर
आगरा में समाधान दिवस पर एसएसपी अमित पाठक अचानक थाना नाई की मंडी पहुंच गए। इस दौरान शिकायती रजिस्टर और अपराध रजिस्टर पूरे नहीं मिलने पर इंस्पेक्टर को खरीखोटी सुनाई। इसके बाद लाइन हाजिर कर दिया। इंस्पेक्टर के खिलाफ एक नोट भी लिखा।
एसएसपी अमित पाठक समाधान दिवस में थाना पुलिस की कार्रवाई देखने पहुंचे थे। वो दोपहर एक बजे थाना नाई की मंडी पहुंच गए। उन्होंने अपराध रजिस्टर चेक किया। रजिस्टर में अपराध और अपराधियों का ब्योरा ठीक से दर्ज नहीं था। आगंतुक रजिस्टर भी पूरा नहीं था। उन्होंने शिकायत, एनसीआर, एफआईआर सहित अन्य रजिस्टर मंगवाए। उनकी भी वही स्थिति थी। मानकों के अनुसार एंट्री नहीं भरी गई थी।
एसएसपी ने इस बारे में इंस्पेक्टर संजय जायसवाल से सवाल किए। मगर, वे किसी भी सवाल का संतोषजनक जवाब नहीं दे सके। इस पर एसएसपी ने नाराजगी जाहिर की। इंस्पेक्टर को खरीखोटी सुनाई। इस दौरान सीओ कोतवाली अब्दुल कादिर भी मौजूद थे।
इंस्पेक्टर के खिलाफ लिखा एक पेज का नोट
एसएसपी ने इंस्पेक्टर के खिलाफ एक पेज का नोट लिख दिया। इसके बाद लाइन हाजिर कर दिया। एसएसपी की कार्रवाई से जिले के सभी थानों की पुलिस में हड़कंप मच गया। नाई की मंडी के बाद एसएसपी थाना एमएम गेट भी गए, लेकिन वहां स्थिति सामान्य मिली।
एसएसपी ने बताया कि अपराध रजिस्टर पूरा नहीं होगा तो पुराने मामलों की सही जानकारी कैसे मिलेगी। सभी थानों से फीडबैक लिए जा रहे थे। मगर, नाई की मंडी से नहीं मिल रहे थे। लापरवाही पर इंस्पेक्टर के खिलाफ कार्रवाई की गई है।