मैनपुरी: सॉल्वर गैंग का सदस्य गिरफ्तार, 20 हजार रुपये का घोषित था इनाम
केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा (सीटीईटी) में अभ्यर्थी की जगह दूसरे से परीक्षा दिलाने वाले सॉल्वर गैंग का सदस्य मैनपुरी से गिरफ्तार कर लिया गया। शनिवार को एसटीएफ आगरा और मैनपुरी की थाना बिछवां पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए आरोपी को फर्दपुर के पास से पकड़ लिया। आरोपी निजी कॉलेज में शिक्षक है। पुलिस अब तक सॉल्वर, अभ्यर्थी सहित तीन लोगों को जेल भेज चुकी है।
शनिवार को एसटीएफ आगरा के एसआई अमित गोस्वामी ने थानाध्यक्ष बिछवां विदेश कुमार त्यागी को सूचना दी कि सॉल्वर गैंग का सदस्य बृजेश उनके क्षेत्र में मौजूद है। इस पर एसटीएफ और थाना पुलिस ने संयुक्त कार्रवाई करते हुए फर्दपुर के पास से बृजेश सोलंकी को गिरफ्तार कर लिया। सीओ भोगांव अमर बहादुर सिंह ने बताया कि पकड़ा गया आरोपी निजी कॉलेज में शिक्षक है। बृजेश सोलंकी की पत्नी पुलिस विभाग में कांस्टेबल है।
31 जनवरी को हुई थी परीक्षा
सीओ ने बताया कि 31 जनवरी को जिले में 26 केंद्रों पर केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा हुई थी। इस दौरान फर्दपुर रोड स्थित बालाजी ग्लोबल एकेडमी में राहुल वर्मा निवासी इटावा रोड बेवर के स्थान पर परीक्षा देने आए सॉल्वर महेंद्र सिंह निवासी उत्तर नगर सैलई, थाना रामगढ़ (फिरोजाबाद) हाल निवासी इटावा रोड बेवर को गिरफ्तार किया गया था।
पूछताछ ने सॉल्वर ने बताया था कि कुरावली के गांव अशोकपुर निवासी अक्षय और ब्रजेश सोलंकी ने उसे राहुल से मिलवाया था। राहुल की जगह परीक्षा देने के लिए उसे 50 हजार रुपये में बात तय हुई थी। इस मामले में पुलिस ने महेंद्र, अक्षय और राहुल को गिरफ्तार कर जेल भेजा था। ब्रजेश सोलंकी भी फिरोजाबाद का रहने वाला है।
बृजेश पर घोषित था 20 हजार का इनाम
केंद्रीय शिक्षक पात्रता परीक्षा में सॉल्वर और साथियों के पकड़े जाने के बाद पुलिस वांछित बृजेश की तलाश कर रही थी। उसकी तलाश में आगरा एसटीएफ भी लगी थी। बृजेश पर 20 हजार का इनाम भी घोषित किया गया था।
सीओ भोगांव अमर बहादुर सिंह ने बताया कि एसटीएफ आगरा से मिली सूचना के आधार पर टीम बनाकर कार्रवाई की गई। पकड़े गए बृजेश को न्यायालय में पेश किया गया। वहां से उसे जेल भेजा गया है।