आगरा। ब्रजभाषा काव्य मंच और वृद्धजन सम्मान समिति ने साहित्यिक समारोह का आयोजन सोमवार को पश्चिमपुरी स्थित हरि कृष्ण वरिष्ठजन सम्मान भवन में किया। देश भर के ख्यातिलब्ध 12 वरिष्ठ साहित्यकारों को सम्मानपत्र भेंटकर सम्मानित किया गया।
समारोह में डॉ. रामेंद्र शर्मा के प्रकृति व समाज पर आधारित 90 गीतों के संग्रह सतरंगी गीत और उनके संपादित साझा संकलन काव्य मंजरी का लोकार्पण किया गया। सम्मानित होने वाले कवियों में पं.महेश चंद शर्मा, डॉ. कुसुम चतुर्वेदी, विजया तिवारी, डॉ. राजेंद्र मिलन और डॉ. हरि निर्मोही शामिल रहे। विशिष्ट अतिथि डॉ. मुनीश्वर गुप्ता ने वरिष्ठों के सम्मान की परंपरा को सराहनीय बताया। इसके बाद आयोजित कवि सम्मेलन में प्रतिष्ठित कवियों ने बेहतरीन रचनाएं प्रस्तुत की। कवि प्रभुदत्त उपाध्याय, मोहिनी भटनागर, वंदना तिवारी और मोहित सक्सेना ने श्रोताओं को मंत्रमुग्ध रखा। इस मौके पर डॉ. गिरीश गुप्ता, डॉ. वीडी अग्रवाल, राजकुमार चतुर्वेदी, राजेंद्र पाराशर आदि मौजूद रहे।