पंचायत चुनाव की मतगणना: टेबिलों की संख्या के आधार पर बनेंगे प्रत्याशी और अभिकर्ताओं के पास
जिले के सभी नौ ब्लॉकों पर चयनित स्थलों पर दो मई को मतगणना होगी। इसे लेकर तैयारियां शुरू हो गई हैं।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
मैनपुरी जिले में पंचायत चुनाव के मतदान के बाद अब मतगणना की तैयारियां शुरू हो गई हैं। मतगणना के दौरान प्रत्याशी और उनके अभिकर्ताओं को टेबिलों की संख्या के आधार पर ही पास जारी किए जाएंगे। वहीं ग्राम पंचायत सदस्य पद की मतगणना के लिए केवल प्रत्याशी को ही पास जारी किया जाएगा। इसके लिए उप जिला निर्वाचन अधिकारी ने आदेश जारी कर दिए हैं।
दो मई के जिले के नौ ब्लॉकों में पंचायत चुनाव की मतगणना की जाएगी। इसमें जिला पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान, क्षेत्र पंचायत सदस्य और ग्राम पंचायत सदस्य के पदों की मतगणना की जाएगी। इसके लिए कुल नौ ब्लॉकों में सभी पर स्थान पहले ही चिह्नित किया जा चुका है। मतगणना स्थल पर ही स्ट्रांग रूम बनाए जाने के कारण प्रक्रिया आसान होगी।
मतगणना में प्रत्याशी और उनके अभिकर्ताओं को पास टेबिल की संख्या के आधार पर ही जारी किया जाएगा। अगर पांच टेबिलों पर मतगणना होती है तो प्रत्याशी समेत कुल पांच लोग ही मतगणना स्थल पर मौजूद रहेंगे। टेबिल संख्या के अनुसार पास ग्राम प्रधान, जिला पंचायत सदस्य और क्षेत्र पंचायत सदस्य के लिए जारी किए जाएंगे।
ग्राम पंचायत सदस्य पद के लिए केवल प्रत्याशी का ही पास जारी किया जाएगा। सभी प्रत्याशी और अभिकर्ताओं को मतदान के दौरान मास्क लगाना अनिवार्य होगा। मास्क न होने पर उन्हें मतगणना पंडाल से बाहर कर दिया जाएगा। मतगणना स्थल पर ही मतगणना शुरू होने से पहले ही प्रत्याशी और अभिकर्ताओं को पास जारी किए जाएंगे।
पद की मतगणना पूर्ण होते ही बाहर जाएंगे अभिकर्ता
एक साथ टेबिलों पर कई पदों की मतगणना का काम किया जाएगा। ऐसे में जिन पदों की मतगणना का काम पूरा हो जाएगा, उनके अभिकर्ताओं को बाहर भेज दिया जाएगा। इसके पीछे प्रशासन की मंशा कोरोना संक्रमण काल में भीड़ कम करना है। वहीं मतगणना स्थल के बाहर भी भीड़ न लगाने के निर्देश जारी किए गए हैं।
कितने पदों की होनी है मतगणना
- 4850 ग्राम प्रधान के पदों की
- 3417 क्षेत्र पंचायत सदस्य पदों की
- 3311 ग्राम पंचायत सदस्य पदों की
- 367 जिला पंचायत सदस्य पदों की
सीडीओ/उप जिला निर्वाचन अधिकारी ईशा प्रिया ने बताया कि मतगणना के लिए सभी प्रत्याशी और उनके अभिकर्ताओं को टेबिल की संख्या के अनुसार ही पास जारी किए जाएंगे। सभी को कोरोना संक्रमण से बचाव के लिए नियमों का पालन करना होगा। मतगणना समाप्त होते ही अभिकर्ता मतगणना पंडाल से बाहर चले जाएंगे।