फिरोजाबाद: ज्वैलर्स के यहां लूट से पहले पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़, फायरिंग में दो को लगी गोली, चार लुटेरे गिरफ्तार
ज्वैलर्स के यहां लूट की योजना बना रहे बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। पुलिस की जवाबी फायरिंग में दो लुटेरे गोली लगने से घायल हो गए।
विस्तार
उत्तर प्रदेश के जिला फिरोजाबाद के शिकोहाबाद में रविवार रात पुलिस की बदमाशों से मुठभेड़ हो गई। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने बदमाशों की घेराबंदी की थी। बदमाशों ने जैसे ही खुद को घिरते हुए देखा, तो पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। इस दौरान पुलिस भी पीछे नहीं हटी और बदमाशों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए फायर किए। पुलिस की कार्रवाई से बदमाशों के होश उड़ गए। दो बदमाशों को गोली लगी, जिससे वे घायल हो गए। पुलिस ने मौके से चार बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया है, जिनसे पूछताछ की जा रही है।
बना रहे थे लूट की योजना
एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि रविवार रात मुखबिर ने सूचना दी थी कि कुछ बदमाश गांव कंथरी के जंगल में एकत्रित हैं। ये शिकोहाबाद के एक ज्वैलर्स के यहां लूट को अंजाम देने की योजना बना रहे हैं। सूचना पर सीओ शिकोहाबाद कमलेश सिंह के नेतृत्व में थानाध्यक्ष नगला खंगर तेजवीर सिंह, एसओजी प्रभारी रवि त्यागी और थानाध्यक्ष शिकोहाबाद उदयवीर सिंह मलिक मौके पर पहुंचे।
घिरते देख बदमाशों ने की फायरिंग
पुलिस टीम ने बदमाशों की घेराबंदी करना शुरू कर दिया। जैसे ही बदमाशों ने खुद को घिरते हुए देखा, तो पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दी। इस दौरान पुलिस ने भी बदमाशों को मुंहतोड़ जवाब देते हुए फायर किए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में कस्बा खैरगढ़ निवासी कुलदीप फौजी और धर्मेंद्र के पैर में गोली लग गई, जिसमें ये दोनों बदमाश घायल हो गए। दो साथियों के घायल होते ही अन्य दो बदमाश वहां से भागने लगे।
भाग रहे बदमाशों को पुलिस ने दबोचा
पुलिस ने पीछा कर मौके से भाग रहे शशिकांत व मनोज निवासी मोहल्ला वंशीनगर थाना शिकोहाबाद को भी गिरफ्तार कर लिया। पकड़े गए बदमाशों के पास से चार तमंचे, सोने के आभूषण व दो बाइक और 14,200 रुपये की नकदी बरामद हुई है। घायल बदमाशों को उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया है, वहीं गिरफ्तार बदमाशों से पूछताछ के बाद जेल भेजा गया है। एसपी देहात डॉ. अखिलेश नारायण सिंह ने बताया कि घायल बदमाशों का उपचार पूरा होने के बाद उन्हें भी जेल भेजा जाएगा।