आगरा: पुलिस ने मुठभेड़ में दबोचे दो बदमाश, एक आरोपी फरार, तमंचा-कारतूस और चोरी की बाइक बरामद
दोनों बदमाश किसी वारदात को अंजाम देने की फिराक में थे। मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी कर बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया।
खबरें लगातार पढ़ने के लिए अमर उजाला एप डाउनलोड करें
या
वेबसाइट पर पढ़ना जारी रखने के लिए वीडियो विज्ञापन देखें
अगर आपके पास प्रीमियम मेंबरशिप है तो
विस्तार
आगरा के एत्मादपुर क्षेत्र में शुक्रवार तड़के बाइक सवार तीन बदमाशों से पुलिस की मुठभेड़ हो गई। ये बदमाश लूट को अंजाम देने की फिराक में थे। सूचना पर पुलिस ने घेराबंदी की तो बदमाशों ने फायरिंग कर दी। जिसमें पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए। पुलिस ने जवाबी कार्रवाई करते हुए दो बदमाशों को गिरफ्तार कर लिया। तीसरा फरार हो गया। पकड़े गए बदमाशों से एक तमंचा, तीन कारतूस व चोरी की बाइक बरामद हुई है। पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर बदमाशों को जेल भेज दिया है।
थाना प्रभारी अरुण कुमार बालियान ने बताया कि शुक्रवार को सुबह तीन बजे मुखबिर ने सूचना दी कि रहनकलां गांव में काली रंग की अपाचे मोटरसाइकिल पर सवार तीन हथियारबंद बदमाश किसी घटना को अंजाम देने की फिराक में गांव से हाईवे नोएडा कट की ओर जा रहे हैं। इस पर पुलिस ने घेराबंदी कर रोकने का प्रयास किया तो बदमाश बाइक लेकर भागने लगे। कुबेरपुर गांव के पास बदमाशों की बाइक फिसल गई।
बदमाशों ने की फायरिंग, बाल-बाल बचे पुलिसकर्मी
अपने आप को घिरता देख बदमाशों ने पुलिस टीम पर फायर कर दिया, जिसमें पुलिसकर्मी बाल बाल बच गए। पुलिस ने दो बदमाशों को पकड़ लिया, जबकि तीसरा बदमाश फरार हो गया। पुलिस को पकड़े गए बदमाशों ने अपना नाम धर्मवीर उर्फ राज कुमार पुत्र ओम प्रकाश निवासी उधमपुर थाना मक्खनपुर और पवन पुत्र भरत सिंह निवासी नगला दया थाना बसई मोहम्मदपुर फिरोजाबाद बताया।
बदमाशों से एक तमंचा, तीन कारतूस, चोरी की मोटरसाइकिल बरामद हुई है। फरार बदमाश मेघराज निवासी जोड़िया थाना पिनाहट आगरा है। थाना प्रभारी अरुण कुमार ने बताया कि पकड़े गए दोनों बदमाशों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जेल भेज दिया है। बदमाशों से बरामद बाइक ताजगंज क्षेत्र से चोरी की गई थी। इसी बाइक से थाना अछनेरा क्षेत्र में कुछ दिन पूर्व लूट की घटना को अंजाम दिया गया था।