मैनपुरी: पुलिस ने मुठभेड़ में पकड़े पांच शातिर वाहन चोर, नौ बाइक-स्कूटी और तमंचा, कारतूस बरामद
पकड़े गए शातिर चोर आसपास के जिलों से वाहन चोरी करते थे। इसके बाद सस्ते में इन वाहनों को बेच देते थे।
विस्तार
मैनपुरी जिले के कटरा समान में कांशीराम आवास के पीछे मंगलवार को थाना किशनी पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया। बदमाशों से नौ बाइक, एक स्कूटी बरामद हुई। तमंचा और कारतूस भी मिले। पकड़े गए बदमाश आसपास के जिलों में वाहन की वारदात करते थे।
एसपी अशोक कुमार राय ने बताया कि किशनी थानाध्यक्ष धर्मेंद्र सिंह को सूचना मिली थी कि एक वाहन चोर गिरोह के कुछ लोग चोरी के वाहनों की बिक्री करने के लिए आए हैं। इस सूचना पर थानाध्यक्ष ने चौकी इंचार्ज कुसमरा रूपेश कुमार व पुलिस बल के साथ बताए गए स्थान पर घेराबंदी की।
कटरा समान में कांशीराम कालोनी के पीछे मौजूद वाहन चोरों को जब पुलिस के आने की भनक लगी तो सभी ने भागने की कोशिश की। लेकिन पुलिस से खुद को घिरा देख पुलिस टीम पर फायरिंग करना शुरू कर दिया। एसपी ने बताया कि अचानक हुए हमले से संभलते हुए पुलिसकर्मियों ने पांच शातिर वाहन चोरों को गिरफ्तार कर लिया।
ये हुए गिरफ्तार
एसपी ने बताया कि पूछताछ में पकड़े गए वाहन चोरों ने अपने नाम प्रदीप कश्यप, अभिषेक शाक्य, इसफाक खां उर्फ पक्का, रंजीत उर्फ डैनी और अजय कुमार उर्फ सुनील निवासी भरथना जनपद इटावा बताया। उनके कब्जे से पांच बाइक बरामद हुईं।
बदमाशों की निशानदेही पर पुलिस ने नौ बाइक, एक स्कूटी सहित कुल 10 वाहन बरामद किए। वाहन चोर इटावा, फर्रुखाबाद, आगरा सहित अन्य जनपदों से वाहन चोरी करने के बाद सस्ते दामों पर बिक्री करते थे। कब्जे से तमंचा और कारतूस भी मिले। सभी को न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेजा गया है।